Friday, May 8, 2015

सलमान... यह खत तुम्हारे नाम

अच्छा हुआ सलमान खान तुम अदालत में पेश हुए। अच्छा हुआ कि तुम्हारे चेहरे से दबंगता का परदा हट गया। अच्छा हुआ कि तुम्हारे बहाने हमें यह अहसास हुआ कि तुम्हारे जैसे सेलिब्रेटी और हमारे जैसी आम पब्लिक में आदमी और कुत्ते का फर्क है। हालांकि जहां तक दुनिया जानती है तुमने भी अपने घर में कुत्तों को पाल रखा है। जरूर वे वफादार होंगे, इसीलिए वह तुम्हारे बेडरूम तक जाने की हनक रखते हैं। आम आदमी भी वफादार होता है, यह तुम्हारे अदालती प्रकरण ने स्थापित कर दिया। पर तुम्हारी हनक, तुम्हारी दबंगई, तुम्हारी सेलिब्रेटी इमेज एक पल में हवा हो गई थी। यह तो तुमने भी देखा उस दिन, जब तुम अदालत के कटघरे में बेबस और लाचार खड़े थे। चलो तुम्हें अहसास तो हुआ कि तुम भी एक आम इंसान ही हो। हां, यह अलग बात है कि तुम्हारी औकात कुछ अधिक है, कम से कम फुटपाथ पर सोने वालों से। पर सलमान शायद तुम यह भूल बैठे थे कि बुलंदी देर तक किस शख्स के हिस्से में रहती है, बहुत ऊंची इमारत हर घड़ी खतरे में रहती है।
सलमान तुम्हें भले ही हाईकोर्ट से राहत मिल गई है पर शायद अब तुम भी इस बात से इत्तेफाक रखोगे कि कानून का दायरा बहुत बड़ा है। तुम्हारी रिहाई या बेल पर बहस करना बेमानी है क्योंकि हमारी न्यायिक व्यवस्था में बहुत कुछ ऐसा है, जिसे सार्वजनिक तौर पर लिखा नहीं जा सकता, सिर्फ कहा और सुना जा सकता है। इसी न्यायिक व्यवस्था को तुमने अपनी फिल्मों में बहुत खूबसूरती से बयां भी किया है। पर तुमने शायद यह कभी मंथन नहीं किया होगा कि असल जिंदगी और फिल्मी जिंदगी में क्या-क्या समानताएं और क्या-क्या असमानताएं हैं? फिल्मों के जरिए तुम करोड़ों दिलों पर राज करते हो। तुम्हारी हर इक अदा पर तालियां बजती हैं। पर कभी तुमने मंथन किया है कि क्यों तुम्हारी छवि बैड ब्वॉयज के रूप में बनती रही है? क्या यह तुम्हारा अहंकार है? या फिर तुमने अपने आपको सभी से ऊपर मान लिया है?
सलमान तुम्हारी रॉबिन हुड वाली छवि का भी इन दिनों खूब प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। पर कोई यह बताने की जहमत नहीं उठाता कि ऐसा क्या परिवर्तन तुम्हारे अंदर आया कि वर्ष 2002 के बाद तुम सोशल वेलफेयर के कार्यों में काफी सक्रिय हो गए। क्या महान सम्राट अशोक के जीवन ने तुम्हें प्रेरित कर दिया था? कलिंग के युद्ध के बाद सम्राट अशोक ने जब रक्तरंजित तलवार देखी, अपनों के साथ गैरों को भी मरते देखा। मैदान में लाशों के ढेर के बीच खुद को नितांत अकेला पाया। तब उन्हें इस बात का अहसास हुआ था कि युद्ध  कितना भयावह होता है। इसके बाद उन्होंने जिस तरह अपने आप को परिवर्तित किया वह इतिहास के पन्नों में दर्ज है। रक्तरंजित तलवार हो या फिर रक्त रंजित गाड़ी का टायर, दोनों कष्ट तो देता ही है। क्या तुम उसी रक्तरंजित गाड़ी के टायर से द्रवित हो गए? क्या सच में तुम्हें ‘कुत्तों’ की मौत पर अफसोस हुआ? क्या सच में तुम्हारा भी हृदय परिवर्तित हो गया और तुमने एक ऐसे संगठन की स्थापना की जो ‘हृयूमन’ के लिए है। या यह सब भी तुमने इसलिए किया ताकि तुम
भविष्य में अपने बचाव में कुछ तर्क स्थापित कर सको। तुम्हारे बेल पिटिसन में भी इस बात को प्रमुखता से बताया गया था और यह छवि कहीं न कहीं न्याय के मंदिर में तुम्हारे लिए सार्थक भी बनी।
वर्ष 2002 की घटना के बाद से अचानक तुमने सोशल वेलफेयर के इतने काम किए जिसका वर्णन करने को शब्द नहीं। पर हर एक सोशल वेलफेयर के बाद इसकी पब्लिसिटी का काम भी बड़े ही प्लांड वे में करवाना किस रणनीति का हिस्सा थी? क्या तुम्हें न्याय के देवताओं ने समझा दिया था कि अपना बचाव करना है तो अपनी छवि को सुधारो। सलमान अगर तुम सच में कुछ करना चाहते तो कर सकते थे, उस व्यक्ति के लिए जो तुम्हारा बॉडीगार्ड था। पर शायद तुमने यह सोचा होगा कि उसने तुम्हारे खिलाफ बयान दिया तो उसे क्यों पूछा जाए? यहीं तुम्हारे द्रवित हो रहे हृदय ने तुम्हें धोखा दे दिया। अशोक ने जब अपनी रक्तरंजित तलवार को खुद से अलग किया, उसके बाद उसने कभी यह नहीं सोचा कि कौन अपना और कौन पराया? पर तुमने अपने रक्तरंजित गाड़ी के टायर देखने के बाद जो हृदय परिवर्तन किया उसमें अपने और परायों का खास ख्याल रखा।
सलमान मैं तुम्हें उतना करीब से नहीं जानता हूं। तुम्हें उतना ही जानता हूं जितना तुमने हमें बताया है, या मेरे जैसे पेशे के लोगों ने तुमसे जितना पूछा है। यह भी सच है कि इतना भर जान लेना काफी नहीं है। तुम्हारी अपनी निजी जिंदगी में बहुत कुछ तुम अच्छा कर रहे होगे, इसमें हमें संदेह नहीं पर   तुमने कभी मंथन किया है कि सड़क पर सोने वाला व्यक्ति क्यों वहां सोने पर मजबूर होता है। समय मिले तो मंथन जरूर करना और अगर सही में तुम अपने दिल में दया का भाव रखते हो तो सड़क के इन ‘वफादार कुत्तों’ को अपने घर में पल रहे कुत्तों जैसा ही प्यार और सम्मान देने की कोशिश करना। हो सके तो इनके लिए भी ‘बीइंग हृयूमन’ बनना। थैंक्स!
तुम्हारा एक ‘कुत्ता’ फैन


चलते-चलते
मुनव्वर राणा की यह चंद पंक्तियां तुम्हारे और हम जैसे लोगों के लिए-

भटकती है हवस दिन-रात सोने की दुकानों में,
गरीबी कान छिदवाती है तिनका डाल देती है।
अमीरे-शहर का रिश्ते में कोई कुछ नहीं लगता,
गरीबी चांद को भी अपना मामा मान लेती है।।


Tuesday, May 5, 2015

‘सरस्वती’ का सिर्फ नाम सुना है, अब देखेंगे भी

एक ऐसी नदी जो न जाने कितने सालों से एक रहस्य बनी हुई है। जिस सरस्वती का हम सिर्फ नाम ही सुनते आए हैं, पर आज तक किसी ने देखा नहीं है। एक ऐसी नदी जिसके नाम पर कितने तीर्थ स्थल बने हैं, संगम बने हैं, फिल्मी गाने बने हैं, पर दिखी आज तक नहीं है। उस नदी को अब हम साक्षात देख सकते हैं। वैज्ञानिकों ने वैसे तो कई तार्किक आधार पर इस नदी के अस्तित्व की बातें कही और लिखी हैं, पर ऐसा पहली बार हुआ है कि इस नदी को वास्तविकता प्रदान की
गई है। पिछले दिनों हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार ने केंद्र सरकार की मदद से बड़े स्तर पर इस नदी को खोजने के अभियान की शुरुआत की थी। मंगलवार को इस अभियान को बड़ी सफलता मिली है। यमुनानगर जिले के मुगलवाली में सरस्वती नदी का पानी मिल गया है। विशेषज्ञों की टीम ने पाया है कि गंगा व यमुना नदी के पानी की धारा के साथ जिस प्रकार के खनिज मिलते हैं, वैसे ही खनिज पदार्थ सरस्वती नदी के पानी के साथ भी मिले हैं। 
धार्मिक मान्यताओं में सरस्वती का उद्गम स्थल हरियाणा के यमुनागर जिले के आदिबद्री को माना जाता है। इसकी पुष्टि इसरो और नासा के भी रिपोर्ट में भी हुई है। वैज्ञानिक तथ्यों के सामने आने के बाद अटल बिहारी सरकार के कार्यकाल में भी इस नदी को खोजने का काम शुरू हुआ था, पर सरकार बदली तो प्लान भी बदल गया। एक बार फिर जब नरेंद्र मोदी शासित बीजेपी की सरकार अस्तित्व में आई तो इस पर काम शुरू हुआ। केंद्र सरकार ने इसके लिए करीब पचास करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया। हरियाणा की खट्टर सरकार ने भी इस काम को अंजाम तक पहुंचाने में अपनी ताकत झोंक दी। पिछले महीने 21 अप्रैल को पूरे विधि विधान और अत्याधुनिक साजो सामान के साथ सरस्वती की खोज शुरू हुई।
विज्ञान और धार्मिक मान्यताओं के संगम ने एक पौराणिक नदी के अस्तित्व को फिर से जीवंत कर दिया है। यमुनागर के डीसी डॉ. एसएस फूलिया की मानें तो मंगलवार को मुगलवाली गांव में अलग-अलग स्थानों पर नौ से 10 फूट की खुदाई की गई। सैटेलाइट चित्रों का भरपूर सहयोग मिला। कई जगह नदी की धारा बहती हुई मिली है। कई जगहों पर सतह से छह फूट नीचे ही इसका प्रवाह मिला है। अब प्रयास किया जा रहा है कि दस फूट तक इसका श्रोत निकाला जाए, जिससे इसके प्रवाह में कोई रुकावट नहीं आ सके। इस गांव के आगे छलौर गांव में बांध बनाकर इस नदी के संपूर्ण अस्तित्व को पूरी दुनिया के सामने लाने की प्लानिंग शुरू हो गई है।
ये तो हुई आज के संदर्भ में बात। अब मैं आपको बताने का प्रयास कर रहा हूं कि आखिर सरस्वती नदी से जुड़ा रहस्य क्या है? क्यों यह नदी इतने दिनों तक एक पहेली बनी हुई थी।
नदियों के जरिए अगर आप भारत को मोटे तौर पर समझें तो पाएंगे कि भारत में तीन स्तर पर नदियां बहती थी। भारत के एक ओर सिन्धु और उसकी सहायक नदियां बहती थी। जबकि दूसरी ओर ब्रह्पुत्र और उसकी सहायक नदियों का राज था। इसी तरह भारत के बीच में गंगा, यमुना और सरस्वती अपनी सहायक नदियों के साथ प्रवाहित होती थी। इन्हीं नदियों के तटों पर मुख्यत: सभी सभ्यताओं का विकास हुआ। अब इनमें से सभी नदियों का अस्तित्व तो है पर सरस्वती नदी बीच में से विलुप्त हो गई। इलाहाबाद में संगम तट पर हर साल करोड़ों लोग पहुंचते हैं। बड़ी श्रद्धा के साथ वहां पूजा भी करते हैं। पर गंगा और यमुना के अलावा तीसरी नदी आज तक किसी को नहीं दिखी। धार्मिक मान्यताएं स्थापित कर दी गर्इं कि वह इसके नीचे से बहती है। ऊपर नहीं दिखती। सरस्वती कभी गंगा नदी से मिली या नहीं मिली, इस पर अब भी शोध किया जा रहा है। 
हालांकि वैदिक काल में एक और नदी द्षद्वती का वर्णन भी आया है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार यह सरस्वती की सहायक नदी के तौर पर मौजूद थी। इस नदी का प्रवाह भी हरियाणा से होकर था। माना गया कि कालांतर में भीषण भूंकप के बाद पहाड़ों के ऊपर उठने के कारण इन नदियों ने भी अपना प्रवाह बदल दिया। दिशा बदलने के कारण जहां एक ओर सरस्वती विलुप्त हो गई, वहीं द्षद्वती ने यमुना का रूप ले लिया। यह भी मान्यता है कि यमुना और सरस्वती एक दूसरे के साथ ही बहने लगी। यही यमुना जब प्रयाग में गंगा के साथ मिली तो सरस्वती का संगम अपने आप स्थापित हो गया। धार्मिक ग्रंथों ने इस तथ्य को वैज्ञानिक आधार भी दिया। इसीलिए प्रयाग में तीन नदियों गंगा, यमुना और सरस्वती नदी का संगम माना गया है।
महाभारत में भी सरस्वती नदी का कई प्रसंगों में विस्तार से वर्णन किया गया है। महाभारत के अनुसार सरस्वती नदी का उद्गम स्थल आज के यमुनागर के आदिबद्री नामक स्थान पर है। आज यह आदिबद्री नामक स्थल हिंदुओं का बड़ा तीर्थस्थल है। हर साल यहां लाखों लोग पहुंचते हैं। इसी क्षेत्र के मुगलवाली में इस वक्त खुदाई के दौरान वैज्ञानिकों को नदी के अस्तित्व को खोजने में सफलता मिली है। 
विलुप्त होने का वैज्ञानिक आधार
फ्रेंच प्रोटो हिस्टोरियन माइकल डैनिनो ने अपने शोध ग्रंथ में सरस्वती नदी के विलुप्त होने के कारणों पर विस्तार से चर्चा की है। उनके शोध गं्रथ का नाम ‘द लॉस्ट रिवर’ है। करीब पांच हजार साल पहले यमुना और सतलुत का पानी सरस्वती के साथ मिलता था। अत्याधुनिक संसाधनों की मदद से इन हिमालयी नदियों का मार्ग पता लगाया   गया। इसके अनुसार संभवत: सरस्वती का पथ पश्चिम गढ़वाल के बंदरपंच गिरि पिंड से निकला होगा। यमुना भी इसके साथ-साथ बहा करती थी। कुछ दूर साथ-साथ चलने के बाद इनका प्रवाह एक हो गया होगा। यमुना ने अपने प्रचंड प्रवाह में सरस्वती को समाहित कर लिया।

Saturday, May 2, 2015

तुम अगर मुझको न चाहो तो कोई बात नहीं कॉपी-पेस्ट करके चाहोगे तो मुश्किल होगी

तुम अगर मुझको न चाहो तो कोई बात नहीं
कॉपी-पेस्ट करके चाहोगे तो मुश्किल होगी

गाने के बोल को आप राहूल गांधी से बिल्कुल जोड़ सकते हैं। मैं अपने ब्लॉग के माध्यम से यह हक आपको दे रहा हूं।
क्या जरूरत थी उन्हें कि वे नेपाल एंबेसी में गए। वह भी जबर्दस्ती की संवेदना लिखने को। संवेदनाएं दिल से निकले शब्द होते हैं। पर राहूल गांधी तो अपने पापा की तरह बनना चाहते हैं। शायद उन्हें इस बात का अहसास नहीं है कि आप पापा के जूते पहन सकते हो, पापा के कपड़े भी फिट बैठ जाएं पर बेटा कभी अपने पापा के बराबर खड़ा नहीं हो सकता। बेटा अपनी पहचान, अपनी शख्सियत तो बना सकता है पर अपने पिता से हमेशा छोटा ही रहेगा। पर राहूल गांधी की विडंबना ऐसी है कि वह न तो अपनी पहचान कायम कर पा रहे हैं और पिता की तरह बनना तो दूर की बात है।

कॉपी पेस्ट की संवेदनाओं ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है कि अगर किसी सीरियस मुद्दे पर भी वे कुछ बोलें तो मजाक बन जाता है। सोशल मीडिया के टॉप ट्रेंड पर उनसे जुड़े जोक्स ट्रेंड करने लगते हैं। ऐसा नहीं है कि राहूल गांधी में वो क्षमता नहीं है कि वो दो लाइन संवेदना के लिख सकें, पर कहते हैं न कि दूध का जला छाज भी फूंक-फूंक कर पीता है। फिलहाल राहूल गांधी ऐसे दौर से गुजर रहे हैं कि उनकी हर एक बात पर मीडिया की निगाहें हैं। ऐसे में नेपाल त्रासदी को लेकर वे जो संवेदना प्रकट करना चाहते थे उसमें भी परफेक्शन चाहते थे। शायद यही कारण रहा होगा कि उन्हें कॉपी पेस्ट की जरूरत पड़ गई। दरअसल जब आपकी अपनी बुद्धी काम करनी बंद कर दे तो ऐसा ही होता है। इस समय राहूल गांधी को एक ऐसी टीम ने घेर रखा है जो राहूल को अपना दिमाग यूज करने नहीं दे रही है।
राहूल पंजाब के किसानों के बीच पहुंचे, विदर्भ के किसानों के बीच पहुंचे। अच्छी बात है वे किसानों का दर्द जानने जा रहे हैं, लेकिन उनकी हर चाल में सियासत की बू क्यों आ जाती है। पंजाब में जल्द ही चुनाव होने वाले हैं, वहां का राजनीतिक पारा ऐसे ही गरम है। ऐसे में हरियाणा के रास्ते सिर्फ पंजाब की यात्रा करने का उनका मकसद क्या था। जबकि आंकड़े गवाह हैं कि हरियाणा में इस वक्त तक करीब 50 किसान मौत की आगोश में चले गए हैं। खराब फसल और प्रकृति की मार से इनमें से कई किसानों ने आत्महत्या कर ली है, जबकि कई सदमे से काल की गाल में समा गए। जबकि पंजाब में स्थिति दूसरी है। वहां भी किसान परेशान हैं, पर मौत के आंकड़ों को हमेशा ऊपर रखा जाता है। वहां किसानों की मौत का प्रतिशत हरियाणा के मुकाबले न्यूनतम है। राहूल गांधी या यूं कहे कि उनके सिपहसलारों को पता था कि हरियाणा के किसानों के प्रति संवेदनाएं जता कर क्या होगा। पांच साल के लिए खट्टर सरकार कुर्सी पर विराजमान है। चलो पंजाब चलते हैं वहां के किसानों की संवेदना बटोरते हैं, सियासी फायदा मिलेगा।
हद है। किसानों के नाम से जन्मजात राजनीति करने वाली कांग्रेस के युवराज की। नहीं चाहिए हमें ऐसी दिखावटी संवेदनाएं। नहीं चाहिए हमें आपके कॉपी पेस्ट वाली संवेदनाएं। दिल से आप एक गरीब किसान के आंसू ही पोछ दें तो हम खुश हो जाएंगे। आप हमें न चाहो यह मंजूर है, पर दिखावटी और कॉपी पेस्ट वाली संवेदनाएं प्रकट करोगे तो मुश्किल होगी।

Friday, May 1, 2015

अच्छा हुआ गब्बर, जो तुम आ गए


अच्छा हुआ गब्बर, जो तुम आ गए
रमेश सिप्पी ने 1975 में जब एक गब्बर की परिकल्पना की थी तो पूरा विश्व एक ऐसे किरदार से मुखातिब हुआ, जिसने खलनायकी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। एक खलनायक भी कितना सफल हो सकता है यह गब्बर ने बताया। क्रुर, बदमिजाज, रोबिला या कुछ और, आप जैसे भी उसे परिभाषित कर सकते थे, आपने किया। उस वक्त के गब्बर ने एक ऐसे किरदार की रचना की, जिसमें खलनायकी के अलावा दबंगता का भी मिश्रण था। गब्बर का नाम ऐसा चल पड़ा कि इस नाम से मुहावरे तक बन गए। हर एक दबंग में गब्बर की झलक मिलने लगी। फिर नब्बे के दशक का एक ऐसा दौर आया जब यही गब्बर इंसानियत की नसीहत देने और शान के साथ जीने का सलीका सिखाने लगा। बिना किसी डर और निर्भयता से समाज में रहने की बात करने लगा। भारतीयों की जुबान पर वह गाना रच और बस गया कि... गब्बर सिंह ये कह कर गया, जो डर गया वो मर गया। धीरे-धीरे गब्बर ने कई रूप बदले। पर अपने नाम को हर दौर में प्रासंगिक बनाए रखा। क्रिकेटर शिखर धवन ने तो गब्बर के नाम को इतना सार्थक रूप दिया है कि मैदान में उतरते ही हर तरफ गब्बर-गब्बर का शोर मच जाता है। अब एक बार फिर फिल्मी परदे पर ‘गब्बर इज बैक’ के जरिए गब्बर लौट आया है। एक नए अंदाज में।
क्या आपने कभी मंथन किया है कि एक वक्त का सबसे खतरनाक खलनायक कैसे समय के साथ-साथ समाज का नायक बनता चला जाता है। क्या यह परिवर्तित होते समाज का आईना है या फिर हमने यह स्वीकार कर लिया है कि समाज में जीना है तो गब्बर बनकर ही रहना होगा। दरअसल गब्बर बुराई के प्रतीक से बहुत आगे निकल चुका है। अस्सी के दशक के गब्बर और इस दशक के गब्बर में जमीन आसमान का फर्क आ चुका है। फिलहाल जिस नए गब्बर का फिल्मी परदे पर अवतरण हुआ है वह भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए आया है। जब लोकसभा चुनाव के दौरान भ्रष्टाचार सबसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनकर उभरा था, तब हर किसी के जहन में एक सवाल था आखिर इस मुद्दे से लड़ने के लिए कौन सा मॉड्यूल अपनाया जाएगा। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनी और भ्रष्टचार का मुद्दा इस सरकार का प्राइम असाइनमेंट बना। हर तरफ भ्रष्टचार से निपटने की शपथ दिलाई जाने लगी। गली मोहल्लों में भी लोगों ने हर एक कदम पर भ्रष्टचार को खत्म करने की जिम्मेदारी उठाई। पर अफसोस चंद दिनों बाद ही स्थितियां वही ढाक के तीन पात ही है। सरकारी दफ्तरों में आज भी सेवा शुल्क प्राथमिकता में शामिल है। प्राइवेट सेक्टर में इस सेवा शुल्क ने अपना नया नामकरण करवा लिया है। आजकल लोग इसे कॉरपोरेट एसाइनमेंट बताने लगे हैं। शिक्षा के बाजारीकरण में भी यह कल्चर खूब फल फूल रहा है।
कहते हैं फिल्में हमारे समाज का आईना होती हैं। शायद यही कारण है कि एक बार फिर गब्बर लौट आया है। नए अंदाज, नए तेवर, नए कलेवर में। यह वह गब्बर है जो आम आदमी का मुखौटा बन कर हमारे सामने आया है। इस गब्बर ने भ्रष्टचार से लड़ने के लिए दबंगता का मॉड्यूल अपनाया है। अस्सी के दसक वाले गब्बर के नाम से पचास कोस दूर तक का बच्चा जब रोता था तो मां उसे गब्बर के नाम पर सुला देती थी। आज वाला गब्बर भी उसी दबंगता के साथ समाज में मौजूद है। इस गब्बर के डर से पचास कोस दूर तक कोई रिश्वत लेने की सोचता भी नहीं है। अगर किसी ने ऐसा किया तो गब्बर आता है और उसे ऐसा सबक सिखाता है कि वह सपने में भी रिश्वत की बात नहीं सोचे।
तो क्या हमें यह मान लेना चाहिए कि भ्रष्टचार से लड़ने के लिए हमें भी गब्बर बनना होगा? मंथन करिए। क्यों हम भ्रष्टचार से लड़ने में कामयाब नहीं हो रहे हैं। दरअसल कमी हमारे अंदर है। हम अपने भय पर काबू पाने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। हमें डर है कि अगर हमने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई तो तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। पर इसी डर से पार पाने को हमें गब्बर बनना होगा। जब तक गब्बर नहीं बनेंगे तब तक हम डरे सहमे रहेंगे। जिस दिन हमने अपने अंदर गब्बर जैसा जिगर पा लिया, उस दिन हम उस लड़ाई को लड़ने में सफल होंगे, जो हमें हर वक्त परेशान करता रहता है। क्रिकेटर शिखर धवन ने जब खुद को गब्बर के रूप में परिभाषित करने का मौका दिया तो पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे उसने उछाल भरी पिच पर 150 किलोमीटर की रफ्तार से आ रही बॉल को बाउंड्री का रास्ता दिखाया। हर एक व्यक्ति के भीतर एक गब्बर छिपा है, पर जरूरत है उस गब्बर को बाहरी दुनिया से रूबरू करवाने की। ऐसे में अच्छा हुआ कि गब्बर एक बार फिर लौट आया है। हमें और हमारे समाज को आईना दिखाने के लिए।

चलते-चलते

‘गब्बर इज बैक’ सिनेमाघर में तालियां बटोर रही हैं। हालांकि यह तमिल फिल्म रमन्ना की रिमेक है। पर हिंदी सिनेमाप्रेमियों को इसके दबंगई वाले संवाद रोमांचित जरूर कर रहे हैं। फिलहाल एक मित्र ने बताया कि सिनेमा हॉल में काफी लंबे समय बाद किसी संवाद पर तालियों की गड़गड़ाहट सुनने को मिली है। रजत अरोड़ा ने गब्बर की दबंगता को जीवंत कर दिया है। और हां यह मत भुलिएगा गब्बर इज बैक का मूल है ‘नाम विलेन का, काम हीरो का’।