Tuesday, June 16, 2015

इस एक तस्वीर ने यूं बताई थी केदारघाटी की सच्चाई



कौन भूल सकता है 16 जून की उस याद को, जब उत्तराखंड के चारों धाम पर एक साथ प्रकृति ने अपना कहर बरपाया था। मंदाकिनी, अलकनंदा, भागीरथी, यमुना सभी नदियां अपने रौद्र रूप में थी। कई हजार लोगों की मौत का गवाह बना था उत्तराखंड। अपनों से बिछड़ने का दर्द क्या होता है ये उन लोगों से बेहतर कोई समझ नहीं सकता जो आज भी अपनों का इंतजार कर रहे हैं।

आज 16 जून को दो साल हो गए। उत्तराखंड सरकार भी आज उस त्रासदी को याद कर संवेदना प्रकट कर रही है। पर सच्चाई यही है कि उस समय की असंवेदनशील उत्तराखंड सरकार ने 16 जून की घटना को छिपा कर रखा था। वह तो भला हो सेना के उस टोही हेलिकॉप्टर का जिसने बेहद खतरनाक हो चुके मौसम के बावजूद केदारघाटी का जायजा लेने का साहस दिखाया था। सेना के हेलिकॉप्टर में सवार वह शख्स आज भी गुमनाम है, जिसने एक ऐसी तस्वीर खींची जिसके बाद पूरा देश रो पड़ा। यही वह तस्वीर थी जो तबाही के 48 घंटे बाद पहली बार 18 जून की शाम देहरादून की मीडिया तक पहुंची।

मुझे आज भी याद है 18 जून की वह शाम जब न्यूज रूम में सहयोगियों के साथ बैठा था। उत्तराखंड सरकार के ही एक अधिकारी ने मेल से तस्वीर भेजी और मैसेज किया देखिए और अनुमान लगा लीजिए तबाही का। सच में हैरान करने वाली तस्वीर थी। फोटो डाउनलोड करते ही आह निकल गई। क्या सच में इतनी बड़ी तबाही है? यह तस्वीर सच्ची है या फैब्रिक्रेटेड? इन दो सवालों को अपने वरिष्ठ सहयोगियों दिलीप बिष्ट, मयंक राय, अरुण सिंह के पास छोड़कर मैं जागरण के संपादक कुशल कोठियाल जी के पास चला गया। उन्हें भी चंद मिनट पहले ही यह तस्वीर मिली थी। और वे अपने सहयोगियों को इस तस्वीर की सच्चाई पता लगाने का निर्देश दे रहे थे। खैर कुछ मिनटों बाद ही स्पष्ट हो गया कि यह तबाही की वास्तविक तस्वीर है। इसके बाद पूरे न्यूज रूम का माहौल ही बदल गया। खबरें तो 17 जून की सुबह से ही आने लगी थी कि केदारघाटी सहित चारों धाम में भयंकर तबाही मची है। पर तबाही की सच्चाई सिर्फ अनुमानों पर आधारित थी। पहाड़ों में फोन की कनेक्टीविटी बर्बाद हो चुकी थी। किसी से न तो मोबाइल पर संपर्क किया जा सकता था और न लैंड लाइन पर। प्रमुख जिलों में मौजूद कुछ संवाददाताओं ने किसी तरह जुगाड़ करके राजधानी में तबाही की खबरें जैसे-तैसे पहुंचाई थी। ऋषिकेश और हरिद्वार में उफनाती गंगा ने पहाड़ों की कहानी को थोड़ा बहुत कहने का प्रयास जरूर किया था। पर इस तस्वीर ने सबकुछ बदल कर रख दिया। देहरादून से प्रकाशित सभी अखबारों के न्यूज रूम में 18 जून की शाम इसी तस्वीर की चर्चा थी। खबरों की प्लानिंग से लेकर, प्रजेंटशन तक सभी कुछ बदल गया। आनन फानन में रात में ही सभी अखबारों में टीम का गठन कर दिया गया जो सुबह उत्तराखंड के पहाड़ों के लिए रवाना हो जाएंगे। अलग आपदा डेस्क बना दी गई। पूरे राज्य में फैले रिपोर्ट्स को हाई-अलर्ट मोड पर कर दिया गया। सबकुछ बदल गया। 19 जून को तस्वीरें और तबाही की जबर्दस्त खबरों के प्रकाशन के बाद उत्तराखंड सहित पूरे भारत की सांसे थम गई थी।

एक तरफ जहां वह एक तस्वीर त्रासदी की सच्चाई बयां कर रही थी, वहीं तस्वीर का एक दूसरा पहलू भी था। उत्तराखंड की बहुगुणा सरकार इस तस्वीर से दूर भाग रही थी। लाखों लोगों को मंझधार में छोड़कर प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा अपने लाव लश्कर के साथ 17 जून की शाम ही नई दिल्ली में प्रधानमंत्री और सोनिया गांधी के दरबार में भीख का कटोरा लेकर पहुंच गए थे। हद ये था कि उत्तराखंड सरकार इतनी दिन हीन बनी थी कि उसके पास इतने पैसे भी नहीं थे कि फौरी तौर पर सहायता के लिए कदम उठाया जाए। सरकार को यह तो मालूम चल ही गया था कि तबाही कैसी है, तभी तो भागे-भागे दिल्ली दरबार पहुंच गए थे सहायता राशि मांगने।

उत्तराखंड सरकार की गिनती स्वतंत्र भारत के अब तक के सबसे असफल सरकारों में की जानी चाहिए जो पूरे प्रदेश को संकट में छोड़कर आर्थिक सहायता के लिए दिल्ली में बैठी थी। हर साल पर्यटकों से करोड़ों रुपए की उगाही करने वाली सरकार के हाथ खाली थे। दो दिन बाद ही आई-नेक्स्ट ने यह खुलासा किया था कि 17-18 जून को ही उत्तराखंड की महान सरकार ने रीजिनल इलेक्ट्रॉनिक चैनल्स को करोड़ों रुपए का विज्ञापन जारी किया था। आज तक यह सवाल अधूरा ही है कि यह विज्ञापन किस उद्देश्य से जारी किए गए थे। आई-नेक्स्ट के खुलासे के बाद भले ही ये विज्ञापन बाद में कैंसिल कर दिए गए थे, लेकिन इस एक घटना से साबित कर दिया था कि बहुगुणा और उनकी चौकरी ने कैसे उत्तराखंड को बर्बाद करने में कोई कोर कसर बांकि नहीं रखी।

पिछले कई दिनों से कई बड़े चैनलों पर उत्तराखंड आने के न्योते का विज्ञापन चल रहा है। बताया जा रहा है कि सबकुछ ठीक है। उत्तराखंड प्रगति के रास्ते पर चल पड़ा है। पर सच्चाई क्या है यह पहाड़ों में बसे उन लाखों लोगों से पूछा जाना चाहिए। पूछा जाना चाहिए कि अगर सबकुछ ठीक है तो पहाड़ों में लंबे समय से बसे गांव के गांव खाली क्यों हो गए हैं? क्यों देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी के औद्योगिक क्षेत्रों में पहाड़ के हजारों लोग दो जून रोटी के जुगाड़ के लिए भटक रहे हैं। क्यों पंजाब और   हरियाणा में उत्तराखंड के लोगों को मजदूरी करते आसानी से देखा जा रहा है? क्यों उत्तराखंड के पहाड़ का युवा देहरादून में दो हजार की नौकरी करने के लिए भी तैयार है?
हर साल यह जून का महीना आएगा जो हमें याद दिलाता रहेगा कि पूरा देश इस जून में कैसे जार-जार रोया था। हमारा यह रुदन, यह कंद्रण उन लाखों लोगों को उनके बिछड़े लोगों से तो नहीं मिलवा सकता, पर यह कंद्रण जरूर होना चाहिए ताकि उत्तराखंड सरकार हर उस दावे में अपना चेहरा देख सके कि उत्तराखंड में सबकुछ ठीक है। वास्तविकता तो यह है कि उत्तराखंड अपने विकास से करीब 20 साल पीछे जा चुका है। इसे संभलने और संवारने में मजबूत इरादों वाले लोगों की जरूरत है। पर अफसोस यह है कि आज भी उन पदों पर वही बैठे हैं जिन पर आपदा के समय घोटालों के कई आरोप लग चुके हैं। आपदा ने विजय बहुगुणा को तो कुर्सी से उतार दिया, पर हरीश रावत भी उन्हीं चांडल चौकड़ी से घिरे हैं जो उन्हें अपने चश्मे से सब कुछ हरा भरा दिखा रहे हैं।

Saturday, June 13, 2015

इस हमाम में सभी नंगे हैं

भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी मंत्री को उसके पद पर रहते हुए इसलिए गिरफ्तार किया गया, क्योंकि उसने फर्जी डिग्री ली है। मंत्रियों और नेताओं पर लगने वाले तमाम तरह के आरोपों, उन पर दर्ज मुकदमों में एक और नई कड़ी जुड़ चुकी है। यह मामला एक नजीर बन चुका है। भारतीय राजनीति के इतिहास और राजनेताओं पर अध्ययन करने के लिए एक नया चैप्टर मिल चुका है। इस चैप्टर पर काफी कुछ लिखा जा चुका है और बहुत कुछ आगे भी लिखा जाता रहेगा। कैसे एक आम आदमी से कोई नेता बनता है। कैसे चुनाव जीत कर वह मंत्री बनता है। और एक दिन फर्जीवाड़े पुलिस कस्टडी में ले लिया जाता है। हर जगह उसका जुलूस निकल रहा है। कई जगह उसके ऊपर अंडे और टमाटर फेंके जा रहे हैं। पर सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ एक व्यक्ति का मामला है। क्या सिर्फ इस एक शख्स ने ऐसा कांड किया है या इस हमाम में सभी कहीं न कहीं नंगे ही हैं।
दिल्ली के कानून मंत्री जितेंद्र तोमर पर फर्जी डिग्री मामले में कानूनी शिकंजा कसता ही जा रहा है। तोमर ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि जिस देश की जनता और कानून उसे कानून मंत्री बना सकता है, उसी देश का कानून उसका जुलूस भी निकलवा सकता है। उसके कानून और ग्रेजुएशन की दोनों डिग्री अभी तक के पुलिस इंवेस्टिगेशन में फर्जी पाई गई है। तोमर के भाग्य का फैसला चाहे जो आए पर इस एक ऐतिहासिक कांड ने नई सिरे से बहस छेड़ दी है। हालांकि बहस का मुद्दा सिर्फ और सिर्फ फर्जी डिग्रियां बन कर रह गई हैं। पर मंथन इस बात भी होना चाहिए कि आखिर इस तरह की डिग्री कैसे लाइसेंसी बन जाती है। कैसे इन डिग्रियों को मान्यता मिल जाती है। कुछ साल पहले मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने ही एडवाइजरी जारी करके सभी राज्यों को सचेत किया था कि भारत में फर्जी डिग्रियों को बनाने वालों का बड़ा नेटवर्क काम रहा है। इसके बावजूद भी आज भी भारत में प्राइवेट संस्थानों और गैर सरकारी संगठनों में काम करने वाले करीब पचास प्रतिशत लोग फर्जी डिग्री के माध्यम से ही नौकरी कर रहे हैं। इस तरह की डिग्रियों पर नजर रखने वाली संस्था फर्स्ट एडवांटेज ने भी अपने सर्वे रिपोर्ट में इस बात का खुलासा किया था कि भारत में करीब पचास प्रतिशत लोग फर्जी डिग्रियों के माध्यम से नौकरी के लिए आवेदन करते हैं। यह फर्जी डिग्री कई तरह की होती है। चाहे अनुभव प्रमाण पत्र की बात हो, जाति प्रमाण पत्र हो या कोई अन्य प्रमाण पत्र। अधिकतर फर्जी बनाए गए होते हैं। हाल के वर्षों में एमबीए की डिग्री हो या पीएचडी की डिग्री सभी सुलभ हैं। ऐसे में तो यही कहा जा सकता है कि इस हमाम में सभी नंगे हैं। जो पकड़ा गया वो चोर और जो नहीं पकड़ा गया वह साधू।
मंथन इस बात पर होना चाहिए कि आखिर ऐसी नौबत ही क्यों आई है कि भारत में फर्जी डिग्रियों का मायाजाल इस कदर बिछ गया है। क्यों हर साल यूजीसी को देश भर के फर्जी विश्वविद्यालयों का लंबी लिस्ट जारी करनी पड़ती है। क्यों हर साल देश भर में डेढ़ से दो हजार कॉलेज खोले जा रहे हैं। क्यों नहीं सरकार इस पर नियंत्रण का प्रयास करती है। क्यों नहीं इस तरह की पॉलिसी बनाई जाती है कि राज्य सरकार के समन्यवय के साथ ऐसे फर्जी कॉलेज और यूनिवर्सिटी पर नकेल कसी जा सके। हर साल यूजीसी फर्जी कॉलेजों और यूनिवर्सिटी की लिस्ट जारी कर निश्चिंत हो जाती है। आज तक एक भी ऐसा मामला सामने नहीं आया है कि भारत सरकार की किसी एजेंसी ने ऐसे फर्जी इंस्टीट्यूट पर कड़ी कार्रवाई की हो। न तो राज्य सरकार और न ही केंद्र सरकार इसमें रुचि दिखाती है। सिर्फ लिस्ट जारी कर अपने दायित्व का निवर्हन कर लिया जाता है। लिस्ट भी वेबसाइट पर जारी करने की प्रथा है। पर इसे समझने को कोई तैयार नहीं है कि ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवेश से आने वाले छात्र इतने वेबसाइट और इंटरनेट फ्रेंडली नहीं हैं कि वे गहराई से छानबीन कर सकें। वे सिर्फ मनमोहक विज्ञापनों को देखकर आकर्षित होते हैं और इंस्टीट्यूट्स के मायाजाल में फंस जाते हैं।
इसके अलावा ऐसे गैंग भी सर्किय हैं जो पैसे खर्च कर घर बैठे डिग्री दे जाते हैं। ये डिग्री या तो किसी बड़ी यूनिवर्सिटी या कॉलेज के सर्टिफिकेट और नकली पेपर की हूबहू नकल होती है या किसी फर्जी संस्थान से जारी होने वाले डॉक्यूमेंट्स। बिहार हो या यूपी, साउथ का मामला हो या जम्मू कश्मीर का मामला। हर जगह ऐसे फर्जी लोगों की बहार है। लॉर्ड मैकाले ने जब भारत में अंग्रेजी शिक्षा पद्धति की नींव डाली थी, तब उन्होंने कभी सोचा नहीं होगा कि भारत में एक समय ऐसा आएगा जब इस तरह की शिक्षा पद्धति की बातें बेमानी हो जाएंगी। घर बैठे ही डिग्रियां मिल जाएंगी और लोग आसानी से इन डिग्रियों के माध्यम से नौकरी भी पा लेंगे। अब भी वक्त है, वह भी ऐसे समय में जब केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री के ऊपर ही फर्जी डिग्री के आरोप लगते रहे हों, एक ऐसी व्यवस्था बनाने की जिसमें फर्जीवाड़े की कोई जगह ही न हो।

चलते-चलते
बैंकिंग सेक्टर में एक टर्म है ‘सिविल’। बैंकों की इस एकीकृत प्रणाली ने बैंकिंग सेक्टर के फर्जीवाड़े को काफी हद तक नियंत्रित कर दिया है। आपका किसी भी बैंक में एकाउंट हो सिविल के माध्यम से पल भर में अपके   जीवनभर के बैंकिंग लेन-देन का सारा ब्योरा कंप्यूटर स्क्रीन पर आ जाता है। तो क्या ऐसी व्यवस्था शिक्षा के क्षेत्र में नहीं हो सकती? मानव संसाधन मंत्रालय को एक पॉलिसी ही तो बनानी है। पूरे देश भर के शिक्षण संस्थानों को एकीकृत प्रणाली में बांधना बेहद जरूरी है।

Wednesday, June 10, 2015

कुत्ते - कमीने... एक-एक को चुन-चुन कर मारूंगा

हिंदी सिनेमा के परदे पर अपने वक्त के सुपरमैन धर्मेंद्र जब इस डॉयलॉग को बोलते थे तो युवाओं की रगों में बहता जवानी का खून  उफान मारने लगता था। चाहे शोले में जय के मरने के बाद उनका बोला गया इस तरह का डायलॉग हो या धरम वीर में अपनी मां की हत्या का बदला लेने के लिए धर्मेंद का विद्रोही रूप। खून में उबाल लाने के लिए यह डायलॉग आज भी काफी है। जिस दिन मणिपुर में भारतीय सेना के काफिले पर हमला हुआ था, उस दिन शहीद सैनिकों के दोस्तों का और भारतीय सेना में मौजूद हर एक जवान का दिल शायद यही डायलॉग दोहरा रहा होगा। ऐसा नहीं है कि इस तरह का उबाल पहले नहीं आया होगा। जब-जब आतंकियों और बॉर्डर पार के नापाक हरकतों के कारण भारत मां का कोई जांबाज शहीद होता होगा, तब-तब हर एक देशभक्त का खून इसी तरह खौलता होगा। मन में आता होगा, चुन-चुन कर मारने का विचार। अफसोस ऐसा हो नहीं पाता था।
पर यह पहली बार है कि 18 सैनिकों के बुरे तरह जले हुए शव देखकर खून खौला और कुत्ते कमीनों को एक-एक कर चुन-चुन कर मारा गया। भारतीय सेना के वीर जांबाजों को दिल से सलाम। म्यांमार की धरती की कोख में जा छिपे आतंकियों को जिस तरह हाईटेक संसाधनों जरिए खोजा गया और मार गिराया वह तारीफ-ए-काबिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी टीम ने साफ संदेश दे दिया है कि सॉफ्ट कंट्री की छवि को अब भूल जाने का वक्त है। बॉर्डर पार बैठे लोग यह समझने की भूल न करें कि अब हम चुप बैठ जाएंगे। अब तो समय आ गया है कि छेड़ो मत, छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं।
लंबे समय से इसी तरह के काउंटर अटैक की डिमांड होती आ रही थी। ऐसा नहीं है कि इससे पहले बॉर्डर पार जाकर कोई कार्रवाई भारतीय सेना ने नहीं की है। वर्ष 1995 ने भारतीय सेना ने आॅपरेशन गोल्डन बर्ड नाम से उस वक्त के वर्मा और अब के म्यांमार में बड़ा आॅपरेशन चलाया था। पूर्वोत्तर के कई आतंकी संगठनों की रीढ़ तोड़ कर रख दी थी। इसके बाद वर्ष 2003-2004 में इंडियन आर्मी ने रॉयल भूटान आर्मी के साथ आॅपरेशन आॅल क्लीयर चलाया था। असम के सबसे बड़े आतंकी समूह यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट आॅफ असम के करीब दो सौ उग्रवादियों को ढेर कर दिया गया था। साथ ही 40 आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया गया था।
पर यह भारतीय इतिहास का पहला वाक्या है जब भारतीय सेना के हमलावरों को तत्काल जवाब दिया गया है। इससे साफ संदेश गया है कि अब भारतीय सेना चुप नहीं रहेगी। कुछ दिन पहले रक्षा मंत्री पारिकर और गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस तरह की घटनाओं की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि अगर वे एक गोली चलाएंगे तो हम गोलियों की बारिश कर देंगे। अगर वे एक मारेंगे तो हमारे जवान दस को मारने में सक्षम हैं। अब मौन रहने की नीति नहीं अपनाई जाएगी।
भारतीय राजनीति का यह एक बड़ा बदलाव है। एक तरफ जहां भारतीय प्रधानमंत्री ने अपने एक साल के कार्यकाल में अनेक विदेश यात्राओं के जरिए दूसरे देशों और पड़ोसी मुल्कों के साथ बेहतर संबंध बनाने पर जोर दिया है, वहीं म्यांमार में त्वरीत कार्रवाई करके बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस कार्रवाई से भारतीय सेना का मनोबल बढ़ना स्वाभाविक है।
इन्हीं हालातों को बयां करते हुए किसी ने लिखा है कि ... ..झुको इतना की अदब के लिए काफी हो, इतना मत झुको कि कमर ही टूट जाए।
अदब तो हमारी संस्कृति में है, इसमें झुकने में कोई बुराई नहीं, पर अब झुकने के साथ-साथ अकड़ कर रहना भी जरूरी हो चुका है। बधाई उन जांबाजों को जिन्होंने उन मणिपुर के उन 18 शहीदों का न केवल बदला लिया, बल्कि भारतीय सेना की ताकत से पूरी दुनिया को रूबरू भी करवा दिया। खासकर उन पड़ोसियों को जो यह सोच कर बैठे हैं कि भारतीय राजनीति में वह दम नहीं कि हमला कर सके। 
इंडियन आर्मी को ग्रैंड सैल्यूट।

Monday, June 8, 2015

मुनि जी आपका नि:वस्त्र होना

आज शाम आॅफिस की कैंटिन बंद थी। अपने न्यूज एडिटर सुमित शर्मा के साथ आॅफिस के सामने नेशनल हाईवे के उस पार चाय की दुकान तक गया था। बगल में ही अंबाला-चंडीगढ़ रीजन का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित स्कूल है। अचानक वहां के मेन गेट पर हलचल होती है। चंद पलों में ही नि:वस्त्र चले आ रहे जैन मूनि नजर आते हैं। अगल-बगल चंद भक्तों की फौज के साथ पैदल चले आ रहे मुनि जी स्कूल में प्रवेश कर जाते हैं। नहीं पता स्कूल में मुनि जी के आने का क्या उद्देश्य होगा? नहीं पता कि स्कूल में वे प्रवचन देने आए हैं या फिर किसी अन्य काम से? पर इन सबके बीच कुछ ऐसा हुआ जिसने मुझे यह सबकुछ लिखने पर मजबूर किया। हो सकता है मेरा कुछ लिखना कुछ धर्मांध लोगों को अखरे। पर ‘कड़वे’ बोल तो जैन धर्म के सबसे बड़े मुनि जी भी बोलते हैं। वह भी टीवी पर। इसीलिए मुझे लगता है कि कड़वा बोलना अनुचित नहीं है।
              मैं बता रहा था स्कूल के सामने का दृश्य। मुनि जी के स्कूल में प्रवेश से ठीक पहले उनके सामने से दो महिलाएं भी गुजर रहीं थीं। अचानक वे दोनों सामने से नग्न चले आ रहे मुनि महाराज को देखकर वापस मुड़ गर्इं। यह शर्म और हया का ही परदा था कि जिस धर्म में आप जैसे जैन मुनियों को नि:वस्त्र देखने की आजादी है, वहीं दूसरे धर्मों में इस तरह के मामलों पर सार्वजनिक बातचीत करना भी असंस्कारी होने का प्रतीक माना जाता है। दोनों महिलाओं ने थोड़ी देर वापस चलने के बाद फिर अपनी राह जरूर पकड़ ली, पर यह सवाल भी छोड़ गई कि ऐसा क्यों है?
सामान्य धर्म का ज्ञाता भी इस बात को समझता है कि जब आपने मोक्ष प्राप्त कर लिया तो जीवन में सुख-दुख, रिश्ते-नाते, भोग-विलास, अपने-पराए की दीवारों के मायने खत्म हो जाते हैं। धर्म-गं्रथों में इस पर विस्तार से चर्चा की गई है। कुछ ऐसा ही जैन मुनियों के साथ है। माना जाता है कि आपने मोक्ष की राह पकड़ ली है। जिसके कारण दिगंबर बन चुके हैं, अर्थात दिक़ यानि दिशाएं ही आपका अंबर यानि वस्त्र हैं। शायद बहुत लोगों को पता न हो कि कितने कठिन तप और कठोर नियमों में आप बंधे होते हैं। पर छोटा सा सवाल जैन मुनियों से लाजमी है कि जब आपने मोक्ष की राह पकड़ ली है तो सार्वजनिक जीवन में इस तरह आपका विचरना कहां तक उचित है। हिंदु धर्म में ही नागा साधुओं की अपनी अलग दुनिया है। उन्हें तो कभी इस तरह सार्वजनिक जीवन में विचरते नहीं देखा जाता है। जिन्हें नागा साधु बनना होता है, या जो उनके कर्मकांडों से प्रभावित होते हैं वे उनके अखाड़ों में जाकर दीक्षा लेते हैं। वहीं रहते हैं, वहीं जीते हैं। कुंभ स्रान जैसे धार्मिक मौकों पर ही उनके सार्वजनिक दर्शन सुलभ होते हैं।
इतिहास का छात्र रहा हूं इसीलिए जैन धर्म के ऐहितासिक साक्ष्यों को पढ़ा और जाना है। पढ़ाई के दौरान ही मैंने जाना था कि जैन धर्म के 24 तीर्थकंर हुए। जिन्होंने जैन धर्म को प्रचारित और प्रसारित करने का काम किया। ऋषभदेव जी महाराज जिन्हें आदिनाथ भी कहा गया, से शुरू होकर भगवान महावीर तक जैन धर्म कैसे पहुंचा इसकी विस्तृत व्याख्या भी इतिहास के पन्नों में दर्ज है। इहितास बताता है कि जैन धर्म में ऋषभदेव, अजितनाथ, संभवनाथ, अभिनंदन, सुमतिनाथ, पद्मप्रभ, सुपार्श्व, चंद्रप्रभ, सुविधिनाथ, शीतलनाथ, श्रेयांस- नाथ, वासुपूज्य स्वामी, विमलनाथ, अनंतनाथ, धर्मनाथ, शांतिनाथ, कुंथुनाथ, अरनाथ, मल्लिनाथ, मुनिसुव्रत स्वामी, नमिनाथ, नेमिनाथ, पार्श्वनाथ और महावीर स्वामी के रूप में 24 तीर्थंकर हुए। महावीर स्वामी के बारे में ऐतिहासिक साक्ष्यों के आधार पर कई प्रमाण हैं। महावीर स्वामी के बाद कालांतर में जैन धर्म दो संप्रदायों में विभक्त हो गया। एक स्वेतांबर कहलाए, दूसरे दिगंबर कहलाए। स्वेतांबर संप्रदाय को मामने वाले मुनि स्वेत अंबर यानि सफेद वस्त्र धारण करते हैं, जबकि दिगंबर संप्रदाय के मुनि नग्न रहते हैं। दिशाएं ही उनका वस्त्र होती हैं।
हर धर्म और संप्रदाय की अपनी सीमाएं हैं। अपनी मान्यताएं हैं। अपनी प्रथा है और उन प्रथाओं को पालन करने के अपने नियम हैं। कम से कम भारत में किसी को इसकी इजाजत नहीं है कि वे किसी दूसरे धर्म या संप्रदाय के खिलाफ कोई टीका टिप्पणी कर दे। मुझे याद आ रही है कुछ साल पहले आगरा की वह घटना। जैन धर्म के दिगंबर संप्रदाय के एक बड़े मुनि महाराज जी का आगरा प्रवास था। शहर में प्रवेश के लिए उन्हें एक संप्रदाय विशेष बाहुल्य क्षेत्र से ले जाया गया था। चुंकि सामान्य अवस्था में किसी व्यक्ति को नग्न देखना कौतूहल का विषय हो जाता है। कुछ ऐसा ही वहां भी हुआ। संप्रदाय विशेष के लोगों ने मुनि महाराज की नग्न अवस्था पर टिका टिप्पणी कर दी। चंद दिनों बाद ही आगरा का माहौल ऐसा खराब हुआ कि एक हफ्ते तक वहां कर्फ्यू लगा रहा। सांप्रदायिक हिंसा में कई घर जल गए। लोग एक दूसरे के दुश्मन बन गए। पूरा शहर अशांत हो गया था।
यह सिर्फ टिका टिप्पणी का मसला भर नहीं है। यह सार्वजनिक जीवन का प्रश्न भी है। यह सच है कि जैन मुनियों को धार्मिक स्वतंत्रता मिली है कि वे नग्न अवस्था में सार्वजनिक जीवन में कहीं भी जा आ सकते हैं। पर यही काम जब कोई साधारण मनुष्य कर दे और किसी ने शिकायत कर दी तो उसके खिलाफ सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने का मामला तक दर्ज हो सकता है। आईपीसी की धारा 294 में आपको जेल भेजा   जा सकता है। अगर किसी महिला के सामने आपने अश्लील हरकत की तो धारा 354 में आपके खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा। यहां तक कि 81 पुलिस एक्ट में भी इसका प्रावधान है।
बात सिर्फ इतनी सी है कि जब आपने दीक्षा लेकर मोक्ष  प्राप्ती की राह पकड़ ली, तो फिर सार्वजनिक जीवन में आपके आने का क्या तात्पर्य है। क्यों आप स्कूलों और कॉलेजों में जाते हैं। हर धर्म की मान्यताएं अनंत हैं, पर यह भी स्वीकार करना होगा कि सिर्फ जैन धर्म को मानने वाले ही शहर में मौजूद नहीं हैं। उन्हें आपका इस तरह नग्न अवस्था में विचरण करना अखर सकता है। हो सकता है दिगंबर धर्म की मान्यताओं को मानने वाली महिलाओं को आपका नग्न होकर उनके सामने आना नहीं अखरे पर यह भी सच है कि दूसरे धर्म की महिलाओं के लिए यह काफी बड़ा परदा होता है। क्या सिर्फ धार्मिक मान्यताएं मानकर दूसरे संप्रदाय या धर्म को मानने वालों का चुप रहना मजबूरी है?
मोक्ष की तमाम परिभाषाएं हो सकती हैं, पर एक साधारण मनुष्य के तौर पर तो मैं तो सिर्फ यही मानता हूं कि जिसने सांसारिक मोह माया से मुक्ति पा ली उसने मोक्ष पा लिया। जब सांसारिक जीवन से आपने मुक्ति राह पकड़ ली है तो सार्वजनिक जीवन से भी आपको दूर हो जाना चाहिए। धर्म में तो वह शक्ति है कि हर किसी को अपनी ओर खींचती है। जिन्हें आपके पास आना है वे खुद आपके पास चलकर आएंगे। आपको उनको पास जाने की जरूरत नहीं है।आपका तप, आपकी कड़ी साधना, दैनिक जीवन में आपकी अनुशासनात्मक दिनचर्या अनुकरणीय है। इसका प्रभाव ही काफी है कि लोग आपके पास खींचे चले आएंगे। पर यूं आपका नि:वस्त्र विचरण करना कई बार सोचने पर मजबूर कर देता है।
और अंत में
(अगर मेरी बातों से किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती तो मैं उसके लिए क्षमाप्रार्थी हूं)