Saturday, June 20, 2015

थैंक्स पापा, इस बेहतर जिंदगी के लिए

पुत्र का खत, पिता के नाम 


पापा आपको तो पता भी नहीं होगा कि आज के दिन  दिन फादर्स डे भी होता है। आज तक हमने कभी फादर्स डे सेलिब्रेट नहीं किया। जब हम छोटे बच्चे थे उस वक्त इस तरह के स्पेशल डे का प्रचलन नहीं होता था। हमने भी नहीं जाना कि फादर्स डे क्या होता है। हम कितने खुशनसीब थे कि अपने पापा के लिए एक खास दिन नहीं निकालना पड़ता था। हमारे लिए तो हर दिन फादर्स डे ही होता था। हर दिन हम आपके साथ सेलिब्रेट करते थे।

बचपन में आपके सिर से पके हुए बाल उखाड़कर कटोरी में जमा करना। फिर एक पैसे के हिसाब से उसे काउंट करना। उस हिसाब के अनुसार आपसे मेहनताना लेकर आईसक्रीम वाले और पेड़े वाले बाबा का इंतजार करना। कभी-कभी चनाचुर गरम वाले की भी बारी आती थी। हमारे लिए तो वही खुशी फादर्स डे सेलिब्रेशन की तरह थी। हमारे लिए तो आप वर्ल्ड के बेस्ट पापा लगते थे जब शाम में सब्जी लाने के साथ-साथ आप गरमा गरम समोसे भी ले आते थे। खुशी इतनी होती थी कि शब्दों में बयां करना मुश्किल होता था।

हम कैसे भूल सकते हैं, मां द्वारा की जाने वाली सुताई। आपको ड्राइंग रूम में बंद करके मां मुझे और भईया को अंदर वाले कमरे में ले जाकर पीटती थी। आपको इसलिए इस सुताई कांड से बाहर रखा जाता था कि आप उल्टे मां पर ही भड़क जाते थे। हमारी सुताई कांड के बाद मां का आपसे झगड़ना कि आप तो कुछ बोलते ही नहीं हैं। आपके नहीं बोलने का ही नतीजा है कि दोनों भाई बिगड़ रहे हैं। पर आपका अपनी किताबों और फाइल से नजर न उठाना। चुपचाप पढ़ते रहना। यह सब हमारे जख्मों पर मरहम की तरह लगता था।

आपका संघर्ष भी हमने देखा है। हम मुजफ्फरपुर में अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे थे और आप हमसे दूर अपने हथुआ स्थित कॉलेज में दूसरी जिंदगी जी रहे थे। सप्ताह में तीन दिन वहां और चार दिन हमारे साथ। यह सिलसिला करीब 22 सालों तक चला। आपके क्लास का रूटीन हमें भी याद हो गया था। कब आप जाएंगे, किस दिन आएंगे, हम मैथ के पहाड़ों की तरह रट चुके थे। जब हम छोटे थे, हमारे पास कोई साधन नहीं था तब हम भयानक ठंड और बरसात में भी आपको सुबह छह बजे की ट्रेन पकड़ने के लिए जाते देखते थे। मां सुबह-सुबह आपके लिए नाश्ता और दोपहर का खाना भी पैक कर देती थी। कई बार हम मां से पूछते भी थे कि दोपहर के बाद रात का खाना कौन देगा? मां मुस्कुरा देती थी और कहती थी पापा खुद बना लेंगे।
तीन दिन के क्लास के बाद आप जब लौटते थे तो घर आने की जल्दी में आप सीवान से शाम की ट्रेन पकड़ते थे, कई बार ट्रेन लेट होने के कारण आप देर रात घर पहुंचते थे। रात दस के बाद रिक्शा वाले आने से मना कर देते थे, तो आप पैदल ही घर तक सात किलोमीटर दूरी तय करते थे। हम कैसे भूल सकते हैं आपका वो संघर्ष।

वैसे तो यूनिवर्सिटी में 180 दिन का एकेडमिक सेशन होता था, उस पर से हड़ताल हमारे लिए किसी सौगात से कम नहीं होती थी, क्यों उन दिनों आप घर पर ही होते थे। आपका साइकिल चलाना भी हमें कई बार काफी अखरता था। जब दूसरे प्रोफेसर्स को हम स्कूटर, मोटरसाइकिल और कार पर देखते थे तो जलन होती थी। आप भी तो प्रोफेसर हैं फिर आपके पास क्यों नहीं। पर हमें पता था कि आपने कभी वो काम नहीं किया जो दूसरे प्रोफेसर्स करते थे। कोई ट्यूशन नहीं, कोई कोचिंग नहीं। आपका कॉलेज और हमारे साथ बिताए गए आपके पलों से अनमोल आपके लिए कुछ दूसरा नहीं था। आपकी ईमानदारी और काम के प्रति लगन ने हमें बहुत कुछ सीखाया। इसी के बदौलत हम आज अपने दम पर स्थापित हैं।

 मुझे अच्छी तरह याद है जब हमारे घर में पहला स्कूटर आया था। मंटू मामा के दोस्त सूरज मामा इंडियन ओवरसिज बैंक के मैनेजर बनकर मुजफ्फरपुर आए थे। जब आप उनके बैंक अपनी साइकिल से जाते थे तो वो आप पर नाराज होते थे। कहते थे, क्या जीजा जी आप स्कूटर तो ले ही सकते हैं। पर आप हंस कर टाल देते थे। पर दो-तीन महीने बाद उन्होंने जबर्दस्ती लोन देकर आपको स्कूटर खरीदवा दिया था। आपने भी इस लालच से खरीद लिया था कि दीदी की शादी में दहेज दे देंगे।
आपने तो सिर्फ दो दिन ही चलाने की कोशिश की। फिर न तो आपने सीखने की चाहत दिखाई और न ही हमने फोर्स किया। क्योंकि हम आजादी से स्कूटर उड़ा सकते थे। आपने भी कभी हमें नहीं टोका। आप अपनी साइकिल पर ही मस्त रहे। हां इतना जरूर था कि आपकी डेली रुटीन बन गई थी कि अपनी साइकिल के साथ स्कूटर को चमकाना। आपको इस बात की चिंता रहती थी कि स्कूटर पुरानी न हो जाए, नहीं तो दहेज में कौन लेगा।
स्कूटर आने के बाद आपको सुबह-सुबह स्टेशन छोड़ने के लिए हमारा सुबह जागने का सिलसिला शुरू हो गया था। पर कई बार आप ठंड को देखते हुए मना भी कर देते थे। पैदल ही निकलने के लिए तैयार हो जाते थे। पर स्कूटर आने के बाद मैंने और भईया ने कभी आपको पैदल नहीं जाने दिया। भईया तो कई बार आपको रात में स्टेशन से लेने भी पहुंच जाता था। मुझे रात में जाने की इजाजत नहीं होती थी। पर आपने कभी न छोड़ने की बात कही और न स्टेशन से लेकर आने का आॅर्डर दिया। आपका ही दिया संस्कार है कि हम सभी में आज भी वो प्यार और सम्मान कायम है। हम एक दूसरे से इतनी दूर होकर भी एक अनमोल डोर में बंधे हैं।

हमारी पढ़ाई-लिखाई और हमारे बेहतर भविष्य के लिए आपने जो त्याग किया उसकी कोई कीमत नहीं चुकाई जा सकती है। मुझे आज तक याद नहीं जब आपने कभी मेरे ऊपर हाथ उठाया हो या दीदी को कभी डांटा हो। हां भईया के ऊपर आपका गुस्सा आज भी याद है। जब भईया आपके मना करने के बावजूद उस दिन क्रिकेट खेलने चला गया था। वहां उसके नाक पर चोट आई थी। प्रमोद चाचा ने उसे डॉक्टर से दिखलाया और घर ले आए। चोट के कारण भईया को दर्द काफी हो रहा था और उसे सुला दिया गया था। चुंकि शाम का वक्त था और मच्छर काफी थे इसीलिए दीदी ने मच्छरदानी लगा दी थी। मां को तो जितना कुछ कहना था   उन्होंने कह दिया था पर हम सभी आपके आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। हमें नहीं पता था कि दवाई लाने जा रहे प्रमोद चाचा ने आपको पूरे प्रकरण की जानकारी पहले ही दे दी है। आप घर में घुसते ही भईया पर चिल्लाए और उसके रूम में जाकर मच्छरदानी के ऊपर से चप्पलों की बरसात कर दी। आपको भी पता था कि मच्छरदानी के ऊपर से चोट नहीं लगने वाली, लेकिन मां के शब्दवाण से बचने के लिए आपने अपना रौद्र रूप दिखाया। फिर शांत हो गए। मैं और दीदी एक दूसरे को देखकर मन ही मन मुस्करा रहे थे और भईया तो ऐसे बन रहा था कि उसे जैसे कुछ पता ही नहीं अभी-अभी क्या हुआ। पापा आपके गुस्से में भी आपका प्यार हमें संबल देता है।

आपने अपनी जिंदगी में जितना संघर्ष किया उसका अंश मात्र भी हम कर लें तो बहुत होगा। आज भी आपसे बात किए हमें कई-कई दिन हो जाते हैं। मां से ही बात होती है। पर हमें पता है मां आपको सबकुछ बताती है और हम भी आपके बारे में मां से ही पूछ लेते हैं। ऐसा क्यों है यह आज तक समझ नहीं पाया। पर यह भी सच ही है कि बेटी पापा से और बेटे मां से ज्यादा करीब होते हैं।

पाप आज आपके और मां के लिए जब मैंने सेकेंड एसी का टिकट कटवाया तो मां बिगड़ने लगी। कहने लगी क्या जरूरत थी सेकेंड एसी की, थर्ड एसी से ही चले जाते। क्यों बेकार में ज्यादा पैसे खर्च कर दिए। कहने को तो मैं मां को बहुत कुछ कहता पर इतना ही कह पाया कि बहुत संघर्ष किए हैं तुमने और पापा ने अपनी जिंदगी में। अब जब सबकुछ से निश्ंिचत हो गई हो तो क्या हो गया अगर तुमने सेकेंड एसी में सफर कर लिया। मां का जवाब भी सुन लीजिए उन्होंने क्या कहा, हमारा क्या हम तो तुम लोगों के लिए ही जी रहे हैं। मां ने यह कह तो दिया पर मुझे आपका और मां का मेरे, भैया और दीदी के लिए किया गया त्याग, तप और संघर्ष ऐसा है, जिसका ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। लव यू पापा। आपका और मां का साया जबतक हमारे साथ है हमारे साथ कभी बुरा नहीं हो सकता। आज हम जो कुछ भी हैं आपके द्वारा दिए गए संस्कार, प्यार और विश्वास की बदौलत हैं। थैंक्स आपने हमें इतनी बेहतर जिंदगी दी।

Friday, June 19, 2015

तो मत करिए योग, कोई जबर्दस्ती तो नहीं

हर तरफ योग की चर्चा है। ऐसा लग रहा है विश्व योग दिवस के रूप में हम एक ऐसे युग में प्रवेश करने जा रहे हैं जहां सभी स्वस्थ होंगे। हेल्दी होंगे, फिट होंगे, तंदरुस्त होंगे, जो भी आप कह लें, वे सब होंगे। पर इन सबके होने के बीच विरोध के स्वर इस तरह उठ रहे हैं जैसे कोई आपसे जबर्दस्ती कर रहा हो। क्या सच में कोई जबर्दस्ती किसी से कोई काम करवा सकता है। यह जानते हुए भी कि यह चीज आपकी भलाई के लिए है, फिर भी हम कहां मानते हैं।

हर महीने भारत में हजारों लोग रोड एक्सीडेंट में सिर्फ इसलिए मर जाते हैं क्योंकि उन्होंने हेल्मेट नहीं पहनी होती है। कुछ ऐसा ही आंकड़ा फोर व्हीलर वालों के साथ है। सीट बेल्ट न बांधने के कारण रोड एक्सीडेंट के दौरान मरने वालों की संख्या अधिक होती है। ओवर स्पीड गाड़ी न चलाएं, रेड लाइट क्रॉस न करें न जाने कितने नियम कायदे बने हैं। ये सभी हमारी सुरक्षा के लिए ही बने हैं। पर जरा मंथन करिए। हममें से कितने लोग हैं जो इसे हमारी सुरक्षा मान कर पहनते हैं या पालन करते हैं। यह हम सिर्फ इसलिए करते हैं क्योंकि हमारे अंदर पुलिस का थोड़ा बहुत डर रहता है। पुलिस के चालान से बचने के लिए हम हेल्मेट पहनते हैं, सीट बेल्ट बांधते हैं।

हम यह जानते हैं कि हेल्मेट न पहनने का क्या-क्या नुकसान हो सकता है। कैसे कोई कीड़ा अचानक से हमारे चेहरे से टकराकर हमें घायल कर सकता है। कैसे हवा के झोंकों के साथ कोई नुकिली चीज हमारे चेहरे और आंख से टकराकर हमें अंधा बना सकती है। कैसे सूर्य की तेज रोशनी में हमारा सिर गर्म होकर तपने लगता है। पर हमें इससे ज्यादा फिक्र इस बात की होती है कि हमारे रेशमी बाल न खराब हो जाएं। अगर पुलिस के चालान का डर न हो तो शायद ही कोई हेल्मेट पहने। हेल्मेट बनाने और बेचने वाले चाय और पान की दुकान खोलने को मजबूर हो जाएं।  चालान का डर न हो तो सीट बेल्ट बांधना तक नहीं आएगा किसी को। रेडलाइट का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। हर चीज हमारी सुरक्षा और हमारी सुविधा के लिए ही है। पर फिर भी हमें इसे मानने के लिए कड़े नियमों की जरूरत है। हम मानते नहीं हैं, हमें मनाना पड़ता है। वह भी जबर्दस्ती। डंडे की जोर पर।

ऐसे में अगर किसी ने योग करने की बात कह दी तो क्या बुरा किया। कोई आपको आपके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रहा है। बता रहा है कि हजारों रुपए जिम में फेंकने के बजाय अगर थोड़ा वक्त योग के लिए निकाल लिया जाए तो हम कितने स्वस्थ रह सकते हैं। पर हमें इसमें भी राजनीति नजर आने लगती है। भाई जब आप अपने सिर और अपने जान की सुरक्षा के लिए भी नियमों में बंधे हैं तो फिर यह कैसी दलील की आपसे योग जबर्दस्ती करने को कहा जा रहा है। एक वक्त था जब भारत को योगियों और जोगियों का देश कहा जाता था। पर अब इसी योग ने वैश्विक पहचान कायम कर ली है। भारत के हजारों बाबाओं का रोजगार इसीलिए दिन दुनी राज चौगुनी प्रगति कर रहा है क्योंकि उनके विदेशी भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पश्चिमी सभ्यता में योग को जिंदगी का सबसे अहम अंग मान लिया गया है।

मेडिशन एस्क्वॉयर में प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जब भाषण दे रहे थे तो निर्जला व्रत पर थे। नवरात्र चल रहा था। तमाम जगहों पर नरेंद्र मोदी गए पर अन्न और जल ग्रहण नहीं किया। विदेशी अखबारों ने नरेंद्र मोदी के इस तप पर विशेष आर्टिकल लिखा। बताया कि कैसे एक प्रधानमंत्री योग के दम पर इतनी शक्ति प्राप्त कर लेता है कि दस दिन बिना रुके, बिना थके अपना काम करता है। यह योग और विकास के बीच की कड़ी नहीं तो क्या है।
हरिद्वार और ऋषिकेश में आपको हर दिन हजारों विदेशी पर्यटक मिल जाएंगे। अगर उनसे बात करने का मौका मिले और उनसे आप पूछें कि भारत क्यों आए हैं, तो दस में से आठ के जवाब यही मिलेंगे कि ध्यान और योग सीखने। जिस पश्चिमी सभ्यता ने योग को इस तरह आत्मसात करने की दिशा में कदम उठाया है वहीं हम योग पर टिप्पणी करके इसे नीचा दिखाने का प्रयास करते नजर आते हैं।  योग को भी धर्म के बंधन में बांध कर कुछ तथाकथित सेक्यूलर लोगों ने एक ऐसा उदाहरण पेश किया है जिसकी जितनी निंदा की जाए कम है।

आप पर योग करने के लिए नियमों की बंदिशें तो नहीं लगाई जा रही है। सूर्य नमस्कार करने के लिए जेल में डालने की तो धमकी तो नहीं दी रही है। सुबह सैर पर निकलने के लिए आपको घर से तो नहीं निकाला जा रहा है। अगर ऐसा नहीं है तो फिर घबराने की क्या जरूरत है। आप मत जाइए योग करने, कोई जबर्दस्ती तो नहीं है। हेल्मेट नहीं लगाइए आपकी मर्जी। सीट बेल्ट मत बांधिए आपकी च्वाइस। योग मत करिए आपका मन। पर एक बार मंथन जरूर करिए, क्या हमारी जिंदगी और इससे जुड़ी सुरक्षा सिर्फ नियमों में बांध कर ही होनी चाहिए।

Thursday, June 18, 2015

उत्तराखंड त्रासदी : अब बचाने से बड़ी थी जलाने की चुनौती

 शवों का सामूहिक दाह संस्कार से पूर्व पुलिसकर्मियों ने अंतिम सलामी दी।
चाहने वालों ने कोशिश तो बहुत की लेकिन
खो गया मैं तो ढूंढ न पाया मुझको!
सख्त हैरत में पड़ी थी मौत, ये जुमला सुनकर
आ, अदा करना है सांसों का किराया मुझको !!


केदारघाटी में पड़े जहां-तहां पड़े हजारों शव शायद अपने सांसों का किराया इसलिए मांग रहे थे क्योंकि उन्हें मुक्ति चाहिए थी। सबसे बड़ा सवाल यही तो था आपदा के बाद, आखिर उन्हें मुक्ति कौन देगा। इसका जिम्मा दिया गया उत्तराखंड पुलिस और एनडीआरफ की टीम को। बेहद खराब मौसम, रास्तों का अता पता नहीं, कनेक्टिविटी की प्रॉब्लम, भोजन की दिक्कत, इन सबके बीच उत्तराखंड पुलिस को काम करना था।

अब तक की पत्रकारिता में मैंने जब भी पुलिस का चेहरा देखा था तो बड़ा की कुरुप चेहरा ही देखा था। कभी शवों को लात से टटोलती पुलिस की तस्वीरों को देखा था, कभी मृतकों के परिवारों से असभ्य भाषा में बात करते देखा था। यह पहली बार था जब मैं ही क्या पूरे भारत को पुलिस का एक ऐसा मानवीय चेहरा नजर आया, जिसने लोगों की सोच को बदल कर रख दिया। क्या डीआईजी, क्या एसपी और क्या कांस्टेबल। सभी का एक ही मकसद बन गया था मृतकों का अंतिम संस्कार।

उत्तराखंड पुलिस की गुलदार टीम के 19 जांबाजों को भी इस काम में लगाया गया था। इस टीम में पहाड़ों में काम करने का अनुभव करने वाले विशेष प्रशिक्षण प्राप्त जवान थे। इनका काम था ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों में शवों की खोज करना और उन्हें एक जगह जमा करना। फिर इसकी सूचना दूसरी टीम को देना। उत्तराखंड पुलिस की दूसरी टीम शवों का एक साथ दाहसंस्कार करती थी। इस काम में सबसे बड़ी चुनौती थी मौसम मनमानी। जबर्दस्त ठंड और बारिश ने भी जवानों के हौसले को कम नहीं होने दिया। मुश्किल यह भी थी कि पहाड़ों में मौजूद लकड़ियां बारिश से पूरी तरह भींग चुकी थी। इससे अंतिम क्रिया नहीं की जा सकती थी। केदारनाथ मंदिर परिसर में भी हजारों शव इधर-उधर बिखरे पड़े थे। सड़ गल रहे इन शवों से उठ रहे दुर्गंध ने आवारा हिंसक पशुओं को भी आमंत्रित कर दिया था। चुनौती यह थी कि अगर इन शवों का जल्दी दाहसंस्कार न किया गया तो महामारी फैल जाएगी।इस चुनौती में एक बार फिर सहारा बनी इंडियन एयर फोर्स। एयर फोर्स के बड़े हेलिकॉप्टर से शवों के सामूहिक दाह संस्कार के लिए लकड़ियां भेजे जाने का निर्णय हुआ। गौचर स्थित एयर बेस पर किसी तरह सूखी लकड़ियां पहुंचाई जाती थी फिर वहां से इन लकड़ियों को हेलिकॉप्टर में डाल कर केदारघाटी पहुंचाने का काम शुरू हुआ।

डीआईजी संजय गुंज्याल को इस टीम को लीड करने की जिम्मेदारी मिली थी। इस जांबाज पुलिस अधिकारी ने अपने सहयोगियों के साथ कई दिनों तक केदारघाटी में खतरनाक विपरीत परिस्थितियों के बीच कैंप किया। खुद शवों को उठाकर चिता सजाई। सामूहिक चिताओं को राजकीय सम्मान देते हुए अपने साथियों के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी। फिर उनका संस्कार किया। कई दिनों तक यही प्रक्रिया चलती रही। पहले शवों को खोजा जाता था, फिर उन्हें एकत्र किया जाता था और अंतिम विदाई दी जाती थी।

डीआईजी संजय गुंज्याल, डीआईजी जीएस मातोर्लिया, डीआईजी अमित सिन्हा,  एसएसपी निलेश आनंद भरण, एसपी प्रदीप कुमार राय, एसपी मणिकांत मिश्रा, एसपी नवनीत भुल्लर, एसपी स्वतंत्र सिंह ये कुछ ऐसे नाम थे जो अपनी टीम के साथ आपदा के समय हीरो की तरह उभरे। न नाम की चाहत, न टीवी पर चेहरा चमकाने की ख्वाहिश, न अखबार के पन्नों में जगह की तमन्ना और न कोई अवार्ड की हसरत। बेहद खतरनाक परिस्थितियों ने इन्होंने अपने कर्तव्य को अंजाम दिया। तत्कालीन डीजीपी सत्यव्रत बंसल ने भी अपनी लीडरशिप क्वालिटी की बेहतरीन मिसाल कायम की। हर वक्त अपनी टीम के संपर्क में रहे और समय-समय पर गाइड करते रहे। अपने नाम और अपने काम को हमेशा मीडिया से दूर रखा।

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में दर्शनशास्त्र और इतिहास के साथ-साथ संस्कृत में शिक्षा प्राप्त एडिशनल एसपी मणिकांत मिश्रा ने तो केदारघाटी में मिले शवों के अंतिम संस्कार से पहले मंत्रों का जाप करने जैसा कार्य भी किया। दाह संस्कार के दौरान किए जाने वाले मंत्रों का उच्चारण कर मणिकांत मिश्रा ने अपने सहयोगियों के दिलों में अनोखी जगह बना ली। मणिकांत मिश्रा के इस कार्य के बारे में उनके ही एक सहयोगी ने बाद में देहरादून में बताया था। हालांकि उत्तराखंड पुलिस की इस तरह के कार्यों की चर्चा कभी मीडिया ही हेडलाइन नहीं बन सकी। और न ही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए यह टीआरपी थी। पर उत्तराखंड पुलिस के इस तरह के सैकड़ों प्रयास आज भी गुमनाम हैं।

एक और चुनौती थी शवों के अंतिम संस्कार के पहले उनका डीएनए सैंपल लेना। क्योंकि अगर इन्हें नहीं लिया जाता तो उनकी पहचान करना असंभव था। देहरादून से एक टीम इसी काम के लिए केदारघाटी में कैंप कर रही थी। क्योंकि अपने से बिछड़ चुके लोगों को कम से कम यह तो संतोष दिलाया जा सके कि उनके अपने सच में उनसे बहुत दूर जा चुके हैं और पूरे रीति रिवाज से उनका अंतिम संस्कार भी किया जा चुका है।

इसी बीच कुछ दिनों बाद जब हालात सामान्य हुए और दोबारा केदारनाथ मंदिर में पूजा अर्चना शुरू करवाई गई तो उत्तराखंड सरकार ने इसे पूरे तामझाम के साथ मीडिया में प्रचारित करने का प्रयास किया। राजधानी देहरादून से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम को हेलिकॉप्टर में लाद-लाद कर केदारमंदिर तक पहुंचाया गया। पर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के कैमरों ने मंदिर में पूजा अर्चना की जगह उन तस्वीरों को   दिखाना शुरू किया, जिसे देखकर पूरे भारत में रोष की लहर दौड़ गई। मीडिया के कैमरों ने दिखाया कि अब भी जगह-जगह शव पड़े हैं। यह आरोप प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो चुका था कि उत्तराखंड पुलिस सही तरीके से शवों का दाह संस्कार नहीं कर रही है। पर सच्चाई जानने का किसी ने प्रयास नहीं किया था।

सच्चाई यह थी कि कई शव हजारों टन पत्थरों के नीचे दबे थे। बोल्डर्स इतने बड़े-बड़े थे कि उन्हें मानवीय हाथों से हटाना असंभव था। शव इस कदर दबे थे कि उन्हें किसी तरह निकाला नहीं जा सकता था। इसके लिए जेसीबी मशीनों की जरूरत थी। इन भारी मशीनों को हेलिकॉप्टर से इतनी तंग घाटी में उतारना संभव नहीं था। जिसके कारण उत्तराखंड पुलिस लाचार थी। टीवी पर शवों की खबर चलते ही उत्तराखंड सरकार के हाथ पांव फूल गए। जिस नियत से उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक चैनल्स को पूरे ताम झाम के साथ घाटी में उतारा था वह दांव उल्टा पड़ चुका था। हालांकि इसका असर यह हुआ कि दोबारा से पुलिस टीम को घाटी की ओर रवाना कर दिया गया। यह बात उत्तराखंड सरकार भी जानती थी और उत्तराखंड पुलिस भी कि इस तरह बिना संसाधन के घाटी में जाना समय की बर्बादी है। पर पूरे देश की भावनाएं जुड़ी थी, उत्तराखंड पुलिस एक बार फिर घाटी में थी।

आज भी घाटी में कंकालों का मिलना जारी है। लंबे समय तक यह जारी भी रहेगा, क्योंकि जिंदगी की चाहत में लोग ऐसी ऊंचाइयों तक पहुंच गए थे जहां सामान्य परिस्थितियों में कोई जाने की सोच भी नहीं सकता है।

शवों के दाह संस्कार के लिए  गौचर स्थित एयरफोर्स बेस पर हेलिकॉप्टर में लकङियां लादी जाती थी।

खराब मौसम के बीच इन सूखी लकङियों को केदारघाटी में पहुंचाना अपने आप में बड़ी चुनौती थी।

बेहद सख्त माने जाने वाले डीआईजी संजय गुंज्याल का यह मानवीय रूप किसी ने नहीं देखा था।

  अपने कामों से एडिशन एसपी मणिकांत मिश्रा (बीच में) ने अपने सहयोगियों के दिल में एक खास जगह बनाई।

जहां-तहां बिखड़े पड़े शवों का हाल यह था कि उन्हें बहुत दूर ले जाया भी नहीं जा सकता था। ऐसे में इन शवों का उस स्थान पर ही दाह संस्कार कर दिया गया।



Wednesday, June 17, 2015

आपदा बनी पत्रकारिता की पाठशाला

यह तस्वीर दैनिक जागरण के फोटो जर्नलिस्ट राजू ने ली थी। आपदा के कहर के बाद पहाड़ की चुनौती की यह जीवंत तस्वीर थी।
किसी भी पत्रकार के जीवन में कुछ ऐसी घटनाएं घटती हैं जो उसके लिए पाठशाला बन जाती है। 2013 की उत्तराखंड त्रासदी कुछ ऐसी ही पाठशाला साबित हुई। ऊपरवाला न करे इस तरह की पाठशाला में दोबारा जाने का किसी को मौका मिले। पर इस एक पाठशाला ने उत्तराखंड के तमाम पत्रकारों की जिंदगी बदल कर रख दी। खबरों को देखने, समझने और उसे प्रजेंट करने का हर तरह से एक नया नजरिया मिला। बड़े से बड़े प्रिंट के पत्रकार हों या टीवी जर्नलिस्ट, किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा कि शुरुआत कहां से की जाए और खत्म कहां की जाए। भयानक आपदा से बचकर आए हर एक शख्स के साथ दस-दस कहानियां थीं। पहाड़ों का दर्द भी था और सरकार की नाकामियां भी थीं। उत्तराखंड के पत्रकारों और फोटो पत्रकारों को दिल से नमन, जो उन्होंने उस वक्त रिपोटिंग की वह पत्रकारिता के लिए मिसाल बनी। हालांकि इन्हीं रिपोर्टिंग में कुछ ऐसी खबरों ने भी जगह बना ली, जिसने पत्रकारिता को गहराई तक शर्मिंदा किया। आज केदारनाथ त्रासदी की दूसरी किस्त में कुछ ऐसे ही साहसिक रिपोर्टिंग और शर्मशार करने वाली रिपोर्टिंग की चर्चा।

18 जून की शाम के बाद से राजधानी देहरादून के तमाम न्यूज रुम में त्रासदी के अलावा दूसरी खबरों की चर्चा ही नहीं बची थी। हर तरफ से छन-छन कर आ रही सूचनाओं का समंदर था, जिसमें से खबर निकालना चुनौती से कम नहीं था। तमाम अखबारों के रिपोर्ट्स की टीम भी 19 जून की सुबह पहाड़ों की ओर रवाना हो चुकी थी। इन रिपोर्ट्स के साथ तमाम तरह की समस्याएं थीं। पहाड़ों में पहुंचने के सभी रास्ते बंद थे। फोन और बिजली के लाइन ठप थे। अपनी गाड़ियों से रवाना हुए कुछ रिपोर्ट्स बीच रास्ते में फंस चुके थे। देहरादून के जॉली ग्रांट हवाई अड्डे से भारतीय सेना का रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू हो चुका था। सहस्त्रधारा हैलीपैड पर प्राइवेट एविएशन के हेलिकॉप्टर रेस्क्यू कर रहे थे। जुगाड़ और पैरवी करके जैसे-तैसे कुछ पत्रकार हेलिकॉप्टर से फाटा और गौचर तक पहुंचने में कामयाब भी हो गए थे। पर वहां से आगे जाने का न तो रास्ता था और न साहस। सबकुछ तबाह को चुका था। सबसे अधिक चुनौती इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सामने थी। उनके पास फुटेज के नाम पर ऋषिकेश में गंगा का रौद्र रूप था। और इसी रौद्र रूप में बह चुके स्वर्गाश्रम के भगवान शिव की प्रतिमा की मोबाइल फुटेज। वहीं से लाइव रिपोर्टिंग शुरू थी।

दैनिक जागरण, अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे बड़े अखबारों के स्ट्रींगर्स पहाड़ों में मौजूद थे। पर उनके पास भी खबरों को पहुंचाने का संसाधन सीमित हो चुका था। फिर भी उन्होंने जो किया उसने पत्रकारिता के लिए एक मिसाल कायम की। अमर उजाला ने आपदा की कवरेज के लिए पहाड़ों के पत्रकारों को कई महीने बाद देहरादून में सम्मानित भी किया। नोएडा से देहरादून पहुंचे अमर उजाला के वरिष्ठ संपादक उदय कुमार ने जी भर कर स्ट्रींगर्स की तरीफ की। कई को नगद  देकर सम्मानित भी किया गया। अपने पत्रकारिता जीवन में स्ट्रींगर्स के प्रति इतना सम्मान मैंने पहली बार देखा था। अघोषित तौर पर स्ट्रींगर्स को पत्रकारिता में सबसे नीचले पायदान पर रखा जाता है। पर उत्तराखंड की आपदा में इन्हीं नीचले पायदान पर रहे लोगों ने बता दिया कि पत्रकारिता में कभी कोई नीचला पायदान नहीं होता है। सभी पायदान समान ही होते हैं। कोई ऊपर से शुरू होता है कोई नीचे से।

मुझे अच्छी तरह याद है अमर उजाला के अगस्त्यमुनि सेंटर के संवाददाता की कहानी। उसका नाम था दिनेश जमलोकी। आपदा ने उसका घर, खेत सबकुछ तबाह कर दिया था। जैसे-तैसे वह अपने परिवार को बचा सका था। किसी का घर तबाह हो जाए, खाने को मोहताज हों, बेघर हों इससे बड़ी दुख की घड़ी क्या हो सकती है। पर सलाम पत्रकारिता के उस जज्बे को। दिनेश ने पहले अपने परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। फिर लगातार पंद्रह दिन तक बिना थके, बिना रुके रिपोर्टिंग की। ऐसी-ऐसी जीवंत रिपोर्ट भेजी जिसे अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया।

करीब तीन दिन बाद जब बारिश थमी और पहाड़ के कुछ रास्ते खुले तब जाकर मीडिया की टीम धीरे-धीरे पहाड़ों तक पहुंचने में कामयाब रही। जैसे-जैसे मीडिया पहाड़ों में ऊपर की ओर जा रही थी, वैसे-वैसे खबरों के तेवर बदलते जा रहे थे। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का हाल सबसे ज्यादा खराब था। ओवी वैन लेकर टीवी पर अक्सर दिखने वाले बड़े चेहरों का बस एक ही मकसद हो गया था कि सबसे पहले केदारनाथ कौन पहुंचता है। चुंकि इन तीन-चार दिनों के बीच अखबारों के माध्यम से यह स्थापित हो चुका था कि आस्था के सबसे बड़े केंद्र केदारनाथ में ही सर्वाधिक नुकसान हुआ है। हर चैनल में बाद में यही ब्रेकिंग खबर चली, हम सबसे पहले पहुंचे केदारनाथ मंदिर। हमारे चैनल पर देखिए केदारनाथ की पहली तस्वीर। हमारे रिपोर्ट्स ने जान की बाजी  लगा दी यहां तक पहुंचने में। कुछ ऐसे ही स्लग के साथ ब्रेकिंग न्यूज में आपदा पीड़ितों की कहानी दब गई। हालांकि इस सच्चाई से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि अगर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने सक्रियता नहीं दिखाई होती तो शायद इतनी बड़ी त्रासदी की जीवंत सच्चाई पूरी दुनिया नहीं देख सकती।

पर इस सच्चाई से भी जी नहीं चुराया जा सकता कि इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का  भौड़ापन और नंगापन भी साक्षात दिखा। एक बड़े चैनल के बड़े पत्रकार ने तो वह कर दिया जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा। बांग्लादेश के पहाड़ों में हुए बस एक्सीडेंट की फूटेज को लाइव कवरेज में कंवर्ट करके लाइव रिपोर्ट दिखा दी। पांच-छह घंटे तक चली इस रिपोर्ट के बाद जब चैनल को अहसास हुआ तो तुरंत रिपोर्ट हटा दी गई। यह वीडियो 18 जून से ही सोशल मीडिया में चल रही थी। इसी को लाइव करके चला दिया गया था। बस खाई में गिर रही थी और चैनल का रिपोर्टर लाइव रिपोर्ट कर रहा था। टीवी पत्रकारिता के पतन की यह हद थी।

ठीक इसी तरह खुद को नेशनल अखबार कहने वाले अखबार ने केदारनाथ में लूट की खबरों का प्रमुखता से छापा। बताया कि वहां नेपाली युवक  शवों के साथ किस तरह गंदा खेल रहे हैं। महिलाओं की लाश से गहने चुराए जा रहे हैं। अंगुलियों में पहनी अंगुठी उतारने के लिए चाकू से अंगुली काट दी जा रही है। हद तो यह हो गई कि एक महिला के शव के अंगुली को काटती एक तस्वीर भी प्रकाशित कर दी गई। बाद में उत्तराखंड सरकार को हस्तक्षेप करना पड़ा और अखबार को माफी मांगनी पड़ी।

इस तरह के सैकड़ों उदाहण थे आपदा के दौरान जब पत्रकारिता की सबसे बड़ी चुनौती आपके सामने थी। एक तरफ जहां ऐसे शर्मशार करने वाले उदाहरण सामने थे, वहीं दूसरी तरफ देहरादून के फोटो पत्रकारों की जीवंत तस्वीरें भी थीं। दैनिक जागरण के फोटो जर्नलिस्ट राजू पुशोला की एक ऐसी ही तस्वीर ने पहाड़ की चुनौतियों को साक्षात दिखा दिया था। आपदा के दौरान पहाड़ों से आने वाली एक-एक तस्वीर अपने आप में कई सौ शब्दों की कहानी बयां करने के लिए काफी थी। मीडिया फुटेज में भी शब्दों का स्थान ना मात्र का ही था। इन तस्वीरों और फुटेज को देखकर आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं।

आपके लिए मेरे पर्सनल आर्काइव से कुछ तस्वीरें। साभार : दैनिक जागरण और आई-नेक्स्ट के फोटो जर्नलिस्ट चाचा उर्फ राजेश बड़थ्वाल, राजू पुशोला और अरुण सिंह। 


अपनों को खोने का दर्द क्या होता है, अरुण सिंह की इस एक तस्वीर ने बयां कर दी थी।

केदारनाथ में त्रासदी का क्या हाल था, यह चाचा द्वारा खींची गई इस तस्वीर में नजर आ रही है। ध्यान से देखने पर आप पाएंगे कि चार धाम सीजन में हजारों की भीड़ वाले इस मंदिर में सिर्फ एक काला कुत्ता विचर रहा है।

कई क्षेत्रों में कस्बों के बीच में नदियों का मुख्य प्रवाह आ गया था।