Sunday, June 7, 2015

क्या किसी कॉमिक्स कैरेक्टर को खोजा है आपने?

कभी अपने आस-पास देखने की कोशिश की है आपने। हर एक शख्स में आपको कोई न कोई कार्टून कैरेक्टर नजर आ जाएगा। बड़ा मजा आता है चुपचाप इन्हें देखने में। पुरानी यादों को ताजा करने का मौका भी मिल जाता है। कॉमिक्स की दुनिया की शुरुआत भले ही काफी पहले हो गई हो, लेकिन हमने अपने सिक्स्थ स्टैंडर्ड से इस दुनिया को जाना। जाना क्या ये कहिए आत्मसात कर लिया। आत्मसात ऐसा किया कि मां की सुताई आज तक याद है। पता नहीं क्यों मां को कॉमिक्स से इतनी एलर्जी थी।
यह क्रिया के विपरीत प्रतिक्रिया का ही मामला था, जिसे जितना मना करो हम उसके प्रति उतने की आकर्षित हो जाते हैं।
 80 और नब्बे के दसक में जब कॉमिक्स की दुनिया ने मार्केट में पकड़ मजबूत करनी शुरू की तब छोटे-छोटे कैरेक्टर बड़ा मजा देते थे। चाचा चौधरी और साबू की जोड़ी, मोटू पतलू की जोड़ी, बांकेलाल की मजेदार हरकतें, डोगा और नागराज का तुफानी कारनामा, पिंकी की शरारतें। हर एक कैरेक्टर में हम खुद को जोड़ लेते थे। हाल ऐसा था कि नया कॉमिक्स किस दिन मार्केट में आ रहा है, यह तक पता रहता था। भईया और मैं पापा द्वारा दिए गए चिल्लर को जमा करके रखते थे। गली वाली दुकान में कई बार तो एडवांस में पैसा जमा करा आते थे। कॉमिक्स के बाद डाइजेस्ट का समय आया। डाइजेस्ट थोड़ी मोटी होती थी। उसकी कहानी भी लंबी होती थी। कीमत भी अधिक होती थी। हम लोग घर पर मामा-मामी, मौसी, बुआ के आने का इंतजार करते रहते थे। जब वे जाते थे तो हमारे पॉकेट में दस-दस रुपए रख देते थे। हम ऊपरी तौर पर मना करते थे, लेकिन अंदर ही अंदर बड़े खुश होते थे। मन में एक ही बात होती थी, कॉमिक्स या डाइजेस्ट का जुगाड़। धीरे-धीरे कर हमारे घर में नागराज, बांकेलाल, चाचा-चौधरी सहित तमाम कार्टून कैरेक्टर्स की पूरी सीरिज जमा हो गई थी। जब भी मां हम पर गुस्साती थी तो एकाध कॉमिक्स की बली चढ़ जाती थी। कचरे के डब्बे में पड़े टुकड़ों को देखकर दिल बहुत रोता था। कई कॉमिक्स के टुकड़ों को तो हमने और भईया ने जोड़कर फिर से पुनर्जिवित करने का कारनामा भी बखूबी किया था।
आज भी मैं अपने आसपास के माहौल में इन्हीं दिल के सच्चे, दिमाग से चतुर और खुशियां बिखेरने वाले कैरेक्टर्स की खोज करता रहता हूं। हर एक में आप भी खोज कर देखिए कोई न कोई कैरेक्टर तो नजर आ ही जाएगा। मेरे ही आॅफिस में दो शख्स हैं। एक  (पुनीत) साबू की तरह लंबा-चौड़ा, तगड़ा और दूसरा (अंकित) चाचा चौधरी की तरह दुबला-पतला। दोनों को साथ में अगर आप देख लें तो हू-ब-हू मशहूर कार्टूनिस्ट प्राण द्वारा रचित कैरेक्टर ही नजर आएंगे। कई बार उन्हें देखकर मन ही मन खुश हो लेता हूं। बड़ा मजा आता है।
         टीवी पर पहले जीवंत कार्टून कैरेक्टर के रूप में हमने चार्ली चैपलिन को पहचाना। बिना कुछ बोले, सिर्फ अपनी हरकतों से कोई इतना हंसा सकता है, हंसा हंसा कर पागल कर सकता है, यह पहली बार चैपलिन ने ही किया। बाद में मिस्टर बिंस जैसे कैरेक्टर भी आए। पर आज जितनी तेजी से कार्टून चैनल्स की लाइन लगी है, उतनी ही तेजी से बच्चों में अजीब-अजीब हरकतों ने जन्म लेना शुरू कर दिया है। उस वक्त के कॉमिक्स के और आज के टीवी पर आ रहे कार्टून चैनल्स की तुलना कर लें तो जमीन आसमान का फर्क मिलता है। चाहे शिन चैन हो या डोरोमैन। सभी इश्क में पड़ रहे हैं। इत्ती सी छोटी उम्र में लड़कियों को इंप्रेस करने की बात करते हैं।  किसी पर शीन चैन का भूत सवार है तो कोई डोरेमान और नोबिता की तरह ही बोल रहा है। किसी दिन समय निकालकर इन कैरेक्टर्स पर गौर फरमाइए। एक भी ऐसा कैरेक्टर नजर नहीं आएगा जिसमें आज आप किसी का कोई अक्श खोज लें। कई कार्टून तो उन्हीं पुराने कॉमिक्स कैरेक्टर पर बेस्ड होकर ही चल रहे हैं।
कॉमिक्स आउटडेटेड हुआ तो कार्टून कैरेक्टर आए। कार्टून कैरेक्टर से भी बोर हो गए तो एक बार फिर कॉमिक्स कैरेक्टर पर बेस्ड कार्टून सीरिज चल रही है। इन दिनों मोटे-पतलू सबसे हिट है। अब तो इंतजार है कब बांकेलाल स्मॉल स्क्रीन पर प्रकट होगा। एक छोटा भाई है फिल्म इंडस्ट्री में। प्यार से हम उसे छोटा बाबू (शशि वर्मा) कहते हैं, उसी से कहूंगा भाई इस कैरेक्टर को भी टीवी के परदे पर उकेरो। अद्भूत मजा आएगा। फिलहाल जब तक वे कॉमिक्स के सारे कैरेक्टर आपको याद हैं तब तक उन्हें अपने आसपास खोजिए। यकीन मानिए, आज भी वे बड़ा मजा देंगे।

Saturday, June 6, 2015

कहां हैं मानवाधिकार का झंडा उठाने वाले?

मणिपुर में भारतीय सेना के 17 जवान शहीद हो गए। कई जवान जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। पिछले कुछ महीने में जम्मू कश्मीर में सेना पर लगातार घात लगाकर हमले हो रहे हैं। यहां भी जवान शहादत दे रहे हैं। पर लगातार आतंकियों से लोहा लेते हुए संदेश भी दे रहे हैं कि हम हर कीमत पर अपने वतन की रक्षा को तत्पर रहेंगे। इन शहादतों के बीच सबसे अहम है मानवाधिकार का झंडा उठाने वालों की खामोशी। किसी आतंकी की मौत या एनकाउंटर पर सबसे आगे आने वाले इन झंडेदारों की नजर में सैनिकों की शहादत की शायद कोई कीमत नहीं है। आर्म्ड फोर्सेज स्पेशल पावर्स एक्ट (अफस्पा) का लगातार विरोध कर रहे संगठनों को भी सैनिकों की शहादत नजर नहीं आती है। कैसे गुरिल्ला की तरह छिपकर वे सैनिकों पर हमला कर रहे हैं और बेरहम बन जा रहे हैं। यह उन्हें नजर नहीं आता है। यह कैसी सोच है। अफस्पा के खिलाफ विरोध का स्वर उठाने वालों के लिए मणिपुर की घटना आंख खोलने वाली होनी चाहिए।
म्यांमार की सीमा से लगा मणिपुर वर्षों से उग्रवाद का शिकार रहा है। अशांत क्षेत्र घोषित होने के बाद से ही यहां अफस्पा लागू किया गया था।  सेना को अफस्पा द्वारा मिले विशेषाधिकार की ही परिणाम है कि आज वहां थोड़ी बहुत शांति है। मणिपुर में उग्रवाद का लंबा इतिहास रहा है। यहां के उग्रवादी संगठनों में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) और केवाईकेएल ज्यादा खतरनाक हैं। रिवोल्यूशनरी पीपुल्स फ्रंट (आरपीएफ) की ही हथियारबंद शाखा के रूप में पीएलए अस्तित्व में आया था। यह बताने की जरूरत नहीं कि बांग्लादेश या आम भारतीय की भाषा में कहें तो मिनी पाकिस्तान से कैसे आरपीएफ अपनी निर्वासित सरकार चला रहा है। आरपीएफ और उससे जुड़ी शाखाएं कभी भी भारत के लिए बड़ा खतरा उत्पन्न करने में सक्षम है। 
जम्मू कश्मीर में जिस तरह आतंकी और अलगावादियों ने अलग कश्मीर का राग छेड़ रखा है ठीक उसी तरह मणिपुर की आजादी के लिए भी संघर्ष चल रहा है। साल 1978 से मणिपुर में सक्रिय उग्रवादी संगठन पीएलए मैती, नगा और कुकी कबीलों ने एक साथ आजादी का राग अलापना शुरू किया, जो आज तक जारी है। ऐसे में अगर भारतीय सेना ने यहां मोरचा नहीं लिया होता तो वहां के विनाश की कल्पना नहीं की जा सकती। हद तो यह है कि चीन जैसा अविश्वासी पड़ोसी भी मणिपुर के आतंकी संगठनों के जरिए भारत में अलगवाद की आग को सुलगाता रहा है। नब्बे के दशक में पीएलए को चीन की पीपुल लिबरेशन आर्मी ने ल्हासा में जबर्दस्त सैनिक प्रशिक्षण भी दे रखा है। हाल के वर्षों में म्यांमार में एनएससीएन इसके उग्रवादियों को अतिरिक्त प्रशिक्षण देता रहा है।
ऐसे में कैसे मणिपुर को सेना के मिले विशेषाधिकार से अलग करके देखा जा सकता है। शुरू से ही यहां के आतंकी संगठनों ने भरतीय सैनिकों को टारगेट कर रखा है। अगर भारतीय सेना को जम्मू कश्मीर और मणिपुर जैसे अशांत राज्यों में अफस्पा के जरिए विशेषाधिकार न मिले होते तो ये राज्य कब के हमसे अलग हो चुके होते। मानवाधिकार का झंडा उठाने वालों को सेना का जज्बा और उनकी शहादत तो नजर नहीं आती है, लेकिन अगर किसी आतंकी संगठन या उससे जुड़े लोगों को सेना मार गिराती है तो मानवाधिकार का हनन नजर आने लगता है। आंदोलन छेड़ दिए जाते हैं। मंथन इस बात पर नहीं होना चाहिए कि अफस्पा हटाया जाया जाना चाहिए या नहीं, मंथन तो इस बात पर होना चाहिए कि अगर ये कानून न हों तो भारत जैसा लोकतांत्रिक देश कितने हिस्सों में बंट जाएगा।
यह सही है कि सेना को मिले विशेषाधिकार के कारण जम्मू-कश्मीर हो या मणिपुर, यहां के स्थानीय लोगों को थोड़ी बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पर उन्हें यह भी सोचना चाहिए कि अगर सेना न हो तो उनका क्या होगा। हर घर में आतंकी पनाह लिए होंगे, हर वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से शहर गूंजते रहेंगे। बहु-बेटियों की इज्जत सड़कों पर निलाम होती रहेगी।  हाल ही में अफस्पा को लेकर गृह मंत्रालय ने आवाज उठाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली सुरक्षा मामलों की समिति के पास पेश की गई जस्टिस बीपी जीवन रेड्डी कमेटी की रिपोर्ट को सिरे से खारिज करने की मांग गृह मंत्रालय की तरफ से की गई है। रेड्डी कमेटी ने अफस्पा को उत्पीड़न का प्रतीक बताते हुए निरस्त करने का सुझाव दिया है।
  दरअसल मणिपुर में असम राइफल्स की हिरासत में एक महिला थंगजाम मनोरमा का निधन हो गया था। इसके विरोध में वहां बड़ा आंदोलन हुआ। इरोम शर्मिला भी उसी वक्त से आमरण अनशन पर बैठी है। उसकी एक ही मांग है कि मणिपुर से अफस्पा हमेशा के लिए हटा दिया जाए। इसी मामले की जांच के लिए 2004 में जस्टिस रेड्डी कमिशन का गठन हुआ था। पांच सदस्यीय कमेटी ने जून 2005 में अपनी  147 पेज की रिपोर्ट में अफस्पा को निरस्त करने की सिफारिश की थी। यही रिपोर्ट अब प्रधानमंत्री के पास है।
गृह मंत्रालय के अलावा रक्षा मंत्रालय की नजर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कमेटी की तरफ लगी है। गृह मंत्रालय ने अपना स्टैंड क्लियर कर दिया है। चुंकि यह आतंरिक सुरक्षा का मामला है इसीलिए रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने भी स्पष्ट कर दिया है कि गृह मंत्रालय जबतक हमारी मदद चाहता है तो हम हर संभव मदद देते रहेंगे। इसी   बीच मणिपुर में बीस सैनिकों की शहादत ने अफस्पा की प्रासंगिता पर नई बहस छेड़ दी है। प्रधानमंत्री का फैसला भविष्य में चाहे जो भी हो, पर इतना जरूर है कि जिस दिन भारतीय सेना को विशेषाधिकार से महरूम किया गया, उसी दिन से कश्मीर और मणिपुर जैसे अशांत राज्यों को भारतीय गणराज्य से अलग करके देखना शुरू कर देना होगा। और जहां तक शर्मिला और उनके जैसे मानवाधिकार संगठनों की बात है तो वे तो आंदोलन करते ही रहेंगे। क्या कभी किसी ने भारतीय सैनिकों की शहादत पर आंदोलन या आमरण अनशन किया है? क्या किसी ने इन शहीदों का बदला लेने के लिए आंदोलन किया है?

Friday, May 29, 2015

सॉरी बापू, तुम ही चले जाओ यहां से

जिस राष्टÑपिता महात्मा गांधी ने ताउम्र शराबबंदी की खिलाफत की, उसी राष्टÑपिता की प्रतिमा को शराब के बार के लिए अपमानित होना पड़ा है। आंध्रप्रदेश के गुंटूर जिले में प्रशासन के एक फैसले ने सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है। दरअसल बार के ठीक सामने महात्मा गांधी की प्रतिमा लगी थी। करीब 27 साल पहले स्थापित इस प्रतिमा के सामने बार खोल दिया गया था। कुछ दिनों से वहां के समाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बार का विरोध कर रहे थे। प्रशासन से गुहार लगाई गई। बताया गया कि जिस व्यक्ति ने उम्र भर शराब का विरोध किया उसी की प्रतिमा के सामने बार खोलना उनका अपमान है। तत्काल बार को कहीं और शिफ्ट किया जाए। पर प्रशासन ने न जाने किन कारणों से बापू की प्रतिमा को ही वहां से हटवा दिया।
स्थानीय प्रशासन ने मीडिया में बयान दिया है कि महात्मा गांधी की प्रतिमा को कहीं और स्थापित कर दिया जाएगा। अब यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुका है कि ऐसी क्या मजबूरी रही होगी कि बार को हटाने की बजाय गांधी की प्रतिमा को ही शिफ्ट कर दिया गया। मजबूरी चाहे जो भी रही हो, लेकिन इस एक घटना ने सिद्ध कर दिया है कि आज शराब माफियाओं की पकड़ कहां तक है। कैसे उनके हितों को सुरक्षित रखने के लिए तमाम सरकारी प्रयास किए जाते रहते हैं। चाहे ठेके के आवंटन की प्रक्रिया हो या बार को लाइसेंस देने का मामला, हर जगह शराब माफियाओं ने अपनी पकड़ बना रखी है। देश के कई हिस्सों में आए दिन शराब के ठेकों और दुकानों को लेकर विरोध प्रदर्शन होता रहता है। कहीं स्कूलों के आसपास ठेका खोल दिया जाता है, कहीं मंदिर के पास।
ऐसा तब है जबकि सुप्रीम कोर्ट की रुलिंग है कि स्कूल, कॉलेज, मंदिर आदि के सौ मीटर के दायरे में शराब के ठेके नहीं खोले जा सकते हैं। बावजूद इसके प्रशासन द्वारा धड़ल्ले से लाइसेंस जारी कर दिए जाते हैं। जबकि होना यह चाहिए कि ठेकों का फीजिकल वैरिफिकेशन करवाया जाए। लाइसेंस जारी करने से पहले यह देखा जाना चाहिए कि किस जगह पर ठेका खोला जा रहा है। इससे क्या प्रभाव पड़ सकता है। कुछ राज्यों में ऐसा सख्त प्रावधान भी है। पर अधिकतर राज्य इसके प्रति सजग नहीं हैं। प्रशासनिक शह पाकर शराब माफियाओं के हौसले बुलंद रहते हैं। यह भी सच्चाई है कि हर साल शराब के ठेकों के आवंटन से सरकार को करोड़ों रुपए का राजस्व प्राप्त होता है। पर क्या इस शर्त पर हम कुछ ऐसा भी कर सकते हैं जो सरासर गलत है। यह मंथन का वक्त है।
हर राज्य की अपनी आबकारी नीतियां होती हैं। समय-समय पर इसमें संशोधन भी होते रहते हैं। पर अमूमन ये संशोधन राजस्व से जुड़े होते हैं। बेस प्राइस से लेकर स्टॉक प्राइस पर बातें होती हैं। पर कभी इससे जुड़ी विसंगतियों पर सरकार अपनी नीतियों में मंथन नहीं करती है। कभी इन विसंगितयों को दूर करने के लिए पॉलिसी बनाने पर विचार नहीं किया जाता।  अगर कोई गांव शराब बंदी के खिलाफ पूरी तरह एकजूट है फिर क्यों उस गांव के लिए भी ठेके आवंटित कर दिए जाते हैं? क्या इसे लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं माना जाना चाहि? आबकारी नीतियों में संशोधन की प्रक्रिया अनवरत जारी है। कभी राजस्व से ऊपर जाकर भावनाओं के बारे में भी नीतियों का जिक्र किया जाना चाहिए। हर राज्य को शराब के ठेकों, दुकानों पर कुछ ऐसी नीतियों का भी एलान करना चाहिए जिसका आम लोग स्वागत कर सकें।
आज भी भारतीय समाज में शराब पीने को खराब नजर से देखा जाता है। उच्च मध्यमवर्गीय परिवार या एलिट परिवार की बात को छोड़ दिया जाए तो आम मध्यम वर्गीय परिवार में इसे छिप छिपाकर परोसा जाता है। शराब की दुकानों से शराब खरीदने के बाद अखबार या लिफाफे में छिपाकर ले जाने की जरूरत पड़ी है। ऐसी स्थिति में क्या सरकार की यह जिम्मेदारी नहीं बनती है कि ठेके के परमिशन देने वक्त, या दुकानों का आवंटन करते वक्त जिम्मेदारी पूर्वक यह देखे कि यह कहां स्थापित किया जा रहा है। शराबबंदी को लेकर हजारों आंदोलन हो चुके हैं। बावजूद इसके सरकारी तंत्र की इस दिशा में सुस्ती गंभीर स्थिति पैदा होने का संकेत दे रही है। आंध्रप्रदेश में जो कुछ भी हुआ, भले ही इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। प्रशासन के अपने तर्क या कुतर्क हो सकते हैं। पर इस एक ताजी घटना ने मंथन करने पर मजबूर कर दिया है कि अभी भी वक्त है हमारी राज्य सरकारें शराब की दुकानों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाए। ताकि भविष्य में होने वाली ऐसी शर्मिंदगी भरी घटनाओं से बचा जा सके।


Thursday, May 28, 2015

डियर ‘मैगी’ तुम ऐसी तो न थी

ओ डियर मैगी, तुम ऐसी तो नहीं थी। दुनिया भर की यादें तुमसे जुड़ी हैं। पीले आवरण में ढंका तुम्हारा सफेद और साफ सुथरा बदन, तुम्हारा टेढ़ा मेढ़ा होना, इठला कर गरम पानी में अपने आप को बिखेर लेना। उफ ! तुम्हारी इन अदाओं पर कौन न मर जाए। दो मिनट में तुम्हारा तैयार हो जाना, तुम्हारे वो गरम तेवर का रसा-स्वादन। सब कुछ तो था तुममें। पर तुम ऐसी क्यों हो गई हो। क्यों तुम्हारे नाम पर इन दिनों एक अजीब सा माहौल बनने लगा है। मैगी, तुम्हें तो शायद पता भी न हो कि तुम्हारे कारण धक-धक गर्ल माधूरी दीक्षित को नोटिस मिल गया है। क्योंकि उसने तुम्हारा विज्ञापनों के जरिए गुनगान किया था।
क्यों मैगी, आखिर क्यों, तुमने अपने आप को इतना व्यवसायिक बना लिया है। शायद ही कोई ऐसा शख्स होगा जिससे तुम्हारी यादें न जुड़ी हों। हर एक शख्स की जिंदगी का पन्ना पलट लिया जाए तो सबमें मैगी तुम्हारी एक कहानी बसी होगी। तुमने मेरे बैचलर्स लाइफ को कितना इजी गोइंग बना दिया था। सुबह जब आॅफिस जाने की हड़बड़ी होती थी, तो वो तुम ही थी जो साथ निभाती थी। देर रात आॅफिस से थक कर आने के बाद खाना न बनाने का मूड हो तब भी तुम मौजूद थी। हर उस पल में तुम हमारे साथ रही। हर सुख दुख में साथ रही। मुफलिसी का दौर आया तब भी तुमने साथ न छोड़ा। पॉकेट भरा हो तब भी तुम्हें ही हमने चाहा।
जवानी तो जवानी, बचपन में भी तुम्हारे लिए तो हम दो मिनट रुकने को तैयार रहते थे, सिर के बल रहने को तैयार रहते थे। मुझे याद है आज भी जम्मू-कश्मीर की मेरी वो मौज मस्ती की यात्रा। जब मैं अपने दोस्त ज्ञानेंद्र के साथ घोर बर्फबारी में उधमपुर से ऊपर पटनी टॉप और नत्था टॉप पर चला गया था। जबर्दस्त ठंड, बर्फबारी के बीच जब पेट में आग लगी थी, तब तुमने कैसे हमें बचाया था। माइनस 7 डिग्री में भी तुम सुलभ थी। तुमने हमें बचाया था मैगी, कैसे भूल सकता हूं तुम्हारा शुक्रिया अदा करना।
मैं उस वक्त को भी नहीं भूल सकता जब पत्नी मेघा के साथ चाइना बॉर्डर के पास नाथूला टॉप गया था। वहां भी मैंने तुम्हें पाया था। भयानक ठंड में फंस जाने के बाद अमीरी गरीबी की सारी दीवार को तुमने चकनाचुर कर दिया था। मजूदर से लेकर धन्ना सेठ भी उस दिन तुम्हारे कारण ही बच सके थे। 
चाहे हिमाचल की पहाड़ी हो या बंगाल की खाड़ी। अंडमान का निर्जन टापू हो या मुंबई की चाल। तुम्हें हमने हर जगह पाया है। मैगी तुम तो कल्पना भी नहीं कर सकती कि तुम कितनी खास हो हम लोगों के लिए। शादी शुदा बैचलर्स की बात हो या शादी शुदा होने पर पत्नी का रूठ जाना और किचन में न जाने की कसम खा लेना। तुम ही तो हो जो हमारा ख्याल रखती हो। मम्मीयों के किटी पार्टी में चले जाने पर बच्चों की देखभाल करने वाले पतियों के लिए भी तुम संजीवनी हो। हॉस्टल लाइफ की तो तुम लाइफ लाइन हो। साउथ इंडिया में जाकर दस दिन रहने वाले नॉर्थ इंडियन के लिए भी तुम ही सहारा बनती हो। आॅफिस के कैंटिन की भी तुम ही शान रहती हो। मैगी तुम्हारी कितनी तारीफ करूं मैं। जितनी भी तारिफ करूंगा कम पड़ जाएगी
पर अब डर लग रहा है। जिस तरह तुम्हारे खिलाफ लोग जहर उगल रहे हैं उसने मुझे विचलित कर दिया है। मैगी तुम्हारे ऊपर तरह-तरह के आरोप लग रहे हैं। सब कह रहे हैं कि तुम्हारे अंदर लेड और मोनोसोडियम ग्लूटामेट (एमएसजी) की मात्रा अधिक है। कह रहे हैं कि लैब रिपोर्ट में यह बातें आई हैं। लोग हंगामा कर रहे हैं। कहते हैं कि तुम्हारे कारण हर्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है। ऐसा कैसे हो सकता है मैगी। तुम तो हर दिल पर राज करती हो उनके दिल को कैसे बर्बाद कर सकती हो । विश्वास नहीं होता है। क्यों नहीं तुम सामने आ रही हो। सामने आकर कह दो मैगी कि तुम्हारे खिलाफ राजनीतिक साजिश रची गई है। मार्केटिंग की प्रतिस्पर्द्धा के कारण तुम्हें बदनाम किया जा रहा है। यह एक सोची समझी राजनीति का हिस्सा है। तुम्हारे खिलाफ हेल्थ और फूड विभाग वालों ने भी मोर्चा खोल दिया है। मैगी तुम शांत क्यों बैठी हो। सामने आओ और कह दो सब झूठ है।
क्या सच में तुम हमारे बीच से चली जाओगी। तुम न होगी तो क्या होगा। मैगी एक तुम ही तो हो जिसे बच्चे से लेकर बूढ़े तक पसंद करते हैं। एक  तुम ही तो हो जो हर वक्त, हर पल साथ रहती हो। प्लीज कुछ करो। सामने आओ अपनी कंपनी के लोगों के साथ। अगर सच में तुममें कुछ कमी है तो उसे भी स्वीकार करो। गलती किससे नहीं होती है। पर एक गलती की इतनी बड़ी सजा मत दो। तुम्हारा चले जाना किसी को बर्दास्त नहीं होगा। अगर तुमने गलती की है तो उसे सुधारने की कोशिश करो। टीवी पर आओ, वादा करो। भरोसा दिलाओ। मैगी तुम्हारी बदनामी मैं नहीं देख सकता। तुम मेरी थी, मेरी हो, मेरी ही रहोगी।

आई लव यू मैगी।